UPI Without Internet: ऑफलाइन भी चलेगा UPI, बिना इंटरनेट होगा ₹2,000 तक पेमेंट, NPCI ला रहा नया Tap-to-Pay फीचर
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 06:06 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारत में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के लिए एक नई ऑफलाइन भुगतान सुविधा विकसित की जा रही है, जिसके जरिए इंटरनेट कनेक्शन न होने पर भी भुगतान किया जा सकेगा। इस सुविधा से हवाई जहाज, भूमिगत मेट्रो और अन्य नेटवर्क-विहीन स्थानों पर भी यूपीआई से लेनदेन संभव होगा।
सूत्रों के अनुसार, यूपीआई का संचालन करने वाला नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) इस वर्ष प्रमुख पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) टर्मिनल निर्माताओं के उपकरणों का प्रमाणन करेगा। इसके बाद व्यापारी ऑफलाइन मोड में यूपीआई भुगतान स्वीकार कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: लगातार दूसरे दिन सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, खरीदने से पहले चेक करें 21 जुलाई के रेट
नई व्यवस्था के तहत ग्राहक नियर फील्ड कम्युनिकेशन (एनएफसी) तकनीक की मदद से पीओएस मशीन पर मोबाइल टैप कर 2,000 रुपए तक का भुगतान कर सकेंगे। यह अनुभव कार्ड आधारित टैप-टू-पे (Tap to Pay) सुविधा जैसा होगा, जिसका उपयोग पहले से उड़ानों और अन्य ऑफलाइन वातावरण में किया जाता है।
2023 में UPI लाइट एक्स की शुरुआत
यह पहली बार नहीं है जब एनपीसीआई ने एनएफसी तकनीक का उपयोग किया है। वर्ष 2023 में यूपीआई लाइट एक्स की शुरुआत दो एनएफसी-सक्षम स्मार्टफोन के बीच ऑफलाइन भुगतान के लिए की गई थी। अब इसी सुविधा का विस्तार पीओएस मशीनों तक किया जा रहा है, जिससे व्यापारी भी पहली बार ऑफलाइन यूपीआई भुगतान स्वीकार कर सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल वास्तविक समय भुगतान प्रणाली और कार्ड नेटवर्क के बीच मौजूद एक महत्वपूर्ण अंतर को कम करेगी। एक फिनटेक कंपनी से जुड़े जानकार ने बताया कि ऑफलाइन यूपीआई स्वीकार करने के लिए पीओएस कंपनियों को एनपीसीआई से प्रमाणन प्राप्त करना होगा। प्रमाणन के बाद वे इस सुविधा पर आधारित एप्लिकेशन विकसित कर सकेंगी।
2,000 रुपए तक का कर सकेंगे भुगतान
पीओएस टर्मिनल ऐसे हार्डवेयर उपकरण होते हैं जिनका उपयोग डेबिट-क्रेडिट कार्ड, मोबाइल वॉलेट और अन्य डिजिटल भुगतान स्वीकार करने के लिए किया जाता है। सूत्रों के अनुसार, नई सुविधा में भले ही पीओएस मशीन ऑफलाइन हो, ग्राहक यूपीआई ऐप के माध्यम से टैप कर 2,000 रुपए तक का भुगतान कर सकेंगे। लेनदेन का प्राधिकरण सुरक्षित रहेगा और नेटवर्क बहाल होने पर सत्यापन के लिए भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Shocking! बंद होने वाले हैं 11 करोड़ टीवी, कई गुना बढ़ेगा केबल और DTH का चार्ज? सरकार ने बताई सच्चाई
जानकारी के मुताबिक, बैंक और यूपीआई आधारित थर्ड-पार्टी भुगतान सेवा प्रदाता भी अपनी ऐप्स में इस सुविधा को शामिल करने पर काम कर रहे हैं। ग्राहक अपने यूपीआई लाइट वॉलेट में पहले से राशि रखकर ऐसे ऑफलाइन लेनदेन कर सकेंगे, जहां न उनका मोबाइल और न ही व्यापारी का टर्मिनल इंटरनेट से जुड़ा हो।
एनएफसी आधारित टैप-टू-पे सुविधा के तहत 2,000 रुपए तक के भुगतान के लिए एमपिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे लेनदेन अधिक तेज और सुविधाजनक बन जाएगा।
