यूनियन बैंक का जून तिमाही का शुद्ध लाभ 32% उछलकर 1,558 करोड़ रुपए पर

Tuesday, Jul 26, 2022 - 03:23 PM (IST)

नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 32 प्रतिशत उछलकर 1,558.46 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। फंसे कर्ज में कमी से बैंक का लाभ बढ़ा है। इससे पूर्व वित्त वर्ष 2021-22 की इसी तिमाही में बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 1,180.98 करोड़ रुपए रहा था। यूनियन बैंक ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी कुल आय जून, 2022 को समाप्त तिमाही में 20,991.09 करोड़ रुपए रही जो एक साल पहले 2021-22 की इसी तिमाही में 19,913.64 करोड़ रुपए थी। 

बैंक की ब्याज से आय चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 6.1 प्रतिशत बढ़कर 18,174.24 करोड़ रुपए रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 17,134.23 करोड़ रुपए थी। बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) 2022-23 की पहली तिमाही में घटकर 10.22 प्रतिशत (सकल कर्ज का) पर आ गया जो एक साल पहले इसी तिमाही में 13.60 प्रतिशत था। 

मूल्य के हिसाब सकल एनपीए घटकर 74,500 करोड़ रुपए रहा जो एक साल पहले 2021-22 की पहली तिमाही में 87,762.19 करोड़ रुपए था। शुद्ध एनपीए भी जून, 2022 को समाप्त तिमाही में घटकर 3.31 प्रतिशत (22,391.95 करोड़ रुपए) पर आ गया जो एक साल पहले इसी तिमाही में 4.69 प्रतिशत (27,437.45 करोड़ रुपए) था। 
 

jyoti choudhary

Advertising