उज्ज्वला योजनाः LPG की बिक्री 9.8 प्रतिशत बढ़ी

Wednesday, Jun 28, 2017 - 12:10 PM (IST)

नई दिल्ली: बीते वित्त वर्ष में एलपीजी की बिक्री में रिकॉर्ड 9.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ। सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत रिकॉर्ड संख्या में कुकिंग गैस कनेक्शन दिए हैं। इनमें से ज्यादातर कनेक्शन गरीब परिवारों को दिए गए हैं।  सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने 2016-17 में 1.89 करोड़ टन पैक्ड घरेलू एलपीजी की बिक्री की। इसका आशय सिलेंडर में रसोई गैस की बिक्री से है।पेट्रोलियम मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वित्त वर्ष 2015-16 में पैक्ड एलपीजी की बिक्री में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। 2016-17 में यह वृद्धि 9.8 प्रतिशत रही।

देश में पेट्रोलियम उत्पादों पेट्रोल, डीजल, एल.पी.जी. और जेट ईंधन की खपत बीते वित्त वर्ष में 5.2 प्रतिशत बढ़कर 19.42 करोड़ टन रही। एक अधिकारी ने कहा कि सबसे अधिक बिक्री एल.पी.जी. की रही। 2016-17 में 111.3 करोड़ एल.पी.जी. सिलेंडर बेचे गए।

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (एचपीसीएल) के कुल पंजीकृत एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या 23.71 करोड़ है। इनमें से 23.46 करोड़ घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें से सिर्फ 19.88 करोड़ सक्रीय उपयोक्ता हैं। अधिकारी ने बताया कि 2016-17 में 3.32 करोड़ नए एलपीजी कनेक्शन दिए गए।

Advertising