Uber पर ₹8,100 करोड़ का जुर्माना, ड्राइवरों के अकाउंट सस्पेंड करने पर उठे सवाल

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 12:22 PM (IST)

Uber fined: कैब सर्विस कंपनी Uber को यूरोप में डेटा प्राइवेसी से जुड़े मामले में बड़ा झटका लगा है। नीदरलैंड्स के डेटा प्रोटेक्शन रेगुलेटर ने कंपनी पर करीब 825 मिलियन यूरो यानी लगभग 8,100 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। रेगुलेटर का आरोप है कि Uber ने ड्राइवरों के अकाउंट को सस्पेंड या ब्लॉक करने के लिए ऐसे ऑटोमेटेड सिस्टम का इस्तेमाल किया, जिसमें पर्याप्त मानवीय समीक्षा नहीं थी।

ड्राइवरों के अकाउंट पर कैसे लिया जाता था फैसला?

मामला 2018 से 2022 के बीच की अवधि से जुड़ा है। आरोप है कि Uber के सिस्टम में कम रेटिंग या संभावित धोखाधड़ी जैसे मामलों के आधार पर ड्राइवरों के अकाउंट पर कार्रवाई की जाती थी। डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी के मुताबिक, जब किसी ऑटोमेटेड फैसले का सीधा असर किसी व्यक्ति की आजीविका पर पड़ता है, तो संबंधित व्यक्ति को मानवीय समीक्षा का अधिकार मिलना चाहिए।

रेगुलेटर का यह भी कहना है कि ड्राइवरों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई कि उनके खिलाफ लिए जा रहे फैसलों में ऑटोमेटेड प्रोसेस की भूमिका थी।

फ्रांस के ड्राइवरों की शिकायत से शुरू हुआ मामला

इस मामले की शिकायत फ्रांस में Uber के कुछ ड्राइवरों की ओर से की गई थी। चूंकि कंपनी का यूरोपीय मुख्यालय नीदरलैंड्स में है, इसलिए मामले की जांच डच डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने की। रेगुलेटर की कार्रवाई यूरोपीय संघ के GDPR नियमों के तहत हुई है।

GDPR के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा जुर्माना

करीब 825 मिलियन यूरो का यह जुर्माना GDPR के तहत लगाए गए सबसे बड़े जुर्मानों में शामिल है। इससे बड़ा जुर्माना इससे पहले 2023 में Meta पर 1.2 बिलियन यूरो का लगाया गया था।

Uber ने आरोपों को नकारा

Uber ने इस फैसले और जुर्माने को अनुचित बताया है। कंपनी का कहना है कि वह ड्राइवरों के अकाउंट को स्थायी रूप से बंद करने का फैसला बिना मानवीय हस्तक्षेप के नहीं करती। कंपनी के मुताबिक उसकी नीतियों में इंसानी समीक्षा के साथ-साथ ड्राइवरों को सस्पेंशन या अन्य कार्रवाई के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने का विकल्प भी दिया जाता है। Uber ने साफ किया है कि वह डच रेगुलेटर के इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary