कोरोना इफैक्टः Uber ने मुंबई का ऑफिस बंद करने का फैसला किया, कैब सेवा रहेगी जारी
Saturday, Jul 04, 2020 - 10:42 AM (IST)
नई दिल्लीः कोरोना से लॉकडाउन के कारण उबर ने अपनी मुंबई ऑफिस को बंद करने का फैसला किया है। हालांकि उसकी कैब सेवाएं जारी रहेंगी। कर्मचारियों को कंपनी ने घर से काम करने का निर्देश दिया है। ऐप आधारित कैब सेवा प्रदाता अमेरिकी कंपनी उबर (Uber) पहले ही देश में कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी।
दिसंबर तक कर्मचारी घर से काम करेंगे
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई स्थित कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को दिसंबर तक घर से ही काम करने को कहा गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कर्मचारियों को अगले साल मुंबई में किसी अन्य कार्यालय में भेजा जाएगा या नहीं। कंपनी मुंबई में अपनी राइड्स सेवा को जारी रखेगी।
किराए ज्यादा और मुनाफा कम होने के कारण लिया फैसला
बता दें कि बीते दिनों फूड डिलीवरी, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनियां और मिड स्टेज की स्टार्टअप कंपनियों ने अपने कई ऑफिस या तो बंद कर दिए या फिर उन्हें किराए पर दे दिया। कंपनियों के अधिकारियों और रियल एस्टेट डेवलपर्स के मुताबिक कंपनियां अपने किराए में औसतन एक तिहाई की कमी करना चाह रही हैं।
उबर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी DaraKhosrowshahi ने हाल ही में कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा था कि कोविड -19 से कारोबार प्रभावित होने के कारण कंपनी ने एक अरब डॉलर के खर्च में कटौती की योजना बनाई है।
3700 कर्मचारियों को निकाल चुकी है कंपनी
उबर के वैश्विक स्तर पर कुल 6,700 कर्मचारी हैं। इसमें से भारत में उसने 600 कर्मचारियों को निकाल दिया है। वैश्विक स्तर पर कंपनी ने 3700 कर्मचारियों की छंटनी की है। बीते महीने उबर ने इन कर्मचारियों को जूम के जरिए वीडियो कॉल कर कहा था कि कोविड-19 महामारी एक बहुत बड़ी चुनौती बन गई है।