Bitcoin Crash: क्रिप्टो बार्केट में हड़कंप, औंधे मुंह गिरा बिटकॉइन, 24 घंटे में 1.1 अरब डॉलर स्वाहा

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 12:51 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः गुरुवार को क्रिप्टोकरेंसी बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन (Bitcoin) में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते पूरे डिजिटल एसेट बाजार पर दबाव बढ़ गया।

CoinMarketCap के आंकड़ों के अनुसार, इंट्राडे कारोबार के दौरान बिटकॉइन करीब 7 फीसदी टूटकर 62,000 डॉलर तक पहुंच गई, जो फरवरी 2026 के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। इस गिरावट के साथ ही बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप लगभग 7 फीसदी घटकर 1.24 ट्रिलियन डॉलर रह गया।

बाजार में आई इस तेज बिकवाली का असर लीवरेज्ड ट्रेडर्स पर भी पड़ा। पिछले 24 घंटों में 1.1 अरब डॉलर से अधिक की लीवरेज्ड पोजीशन लिक्विडेट हो गईं, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई है।

रिकॉर्ड ऊंचाई से 50% से अधिक नीचे बिटकॉइन

पिछले साल अक्टूबर में बिटकॉइन ने 126,210 डॉलर का ऑल-टाइम हाई दर्ज किया था। उस समय बिटकॉइन का मार्केट कैप 2.48 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, बिटकॉइन ETF में मजबूत निवेश और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण उस दौरान कीमतों में तेजी आई थी।

हालांकि, रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद बिटकॉइन लगातार दबाव में है और अब तक अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 51 फीसदी तक फिसल चुकी है। पिछले सात दिनों में इसमें 12.57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

एथेरियम समेत प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी भी दबाव में

बिटकॉइन की कमजोरी का असर अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी पर भी देखने को मिला। एथेरियम (ETH) की कीमत 1,809 डॉलर के आसपास पहुंच गई, जिसमें पिछले 24 घंटों में 1.69 फीसदी और एक सप्ताह में 9.03 फीसदी की गिरावट आई है।

सोलाना (SOL) भी दबाव में रही और इसकी कीमत 71.30 डॉलर पर पहुंच गई। पिछले सात दिनों में सोलाना में 12.22 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

एक्सआरपी (XRP) 1.20 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रही है। हालांकि दैनिक आधार पर इसमें मामूली मजबूती देखने को मिली, लेकिन पिछले एक सप्ताह में यह 6.60 फीसदी तक कमजोर हुई है।

वहीं, बीएनबी (BNB) 3 फीसदी से अधिक गिरकर 618.12 डॉलर पर आ गई। स्टेबलकॉइन टेथर (USDT) और यूएसडी कॉइन (USDC) भी 0.9995 डॉलर के आसपास कारोबार करते नजर आए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News