भारी वर्षा: हरियाणा-पंजाब में टमाटर के दाम बढ़कर 80 रुपए किलो, प्याज 50 रुपए किलो

Thursday, Aug 22, 2019 - 05:18 PM (IST)

चंडीगढ़ः देश के कई हिस्सों में भारी बरसात की वजह से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण इस सप्ताह पंजाब और हरियाणा में टमाटर और प्याज के दाम दोगुना होकर क्रमश: 80 रुपए और 50 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए। व्यापारियों ने यह जानकारी दी है। इन दो राज्यों के साथ साथ पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

मटर, फूलगोभी और फलियों (बीन्स) जैसी अन्य प्रमुख सब्जियों की कीमतों में भी भारी वृद्धि हुई है। पंजाब और हरियाणा तथा उनकी राजधानी चंडीगढ़ में प्याज का खुदरा दाम 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। व्यापारियों ने कहा, ‘‘सिर्फ एक हफ्ते पहले, प्याज 20-25 रुपए प्रति किलो बिक रहा था और अब कीमतें दोगुनी हो गई हैं। महाराष्ट्र, जहां से बहुतायत मात्रा में प्याज की आपूर्ति होती है, वहां से देश के उत्तरी भागों में प्याज की आपूर्ति में कमी आई है।''

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हाल में बाढ़ आई है। इससे सैकड़ों एकड़ फसल वाले खेतों को जलमग्न होते देखा गया। व्यापारियों ने कहा कि टमाटर के दाम 40 रुपए से बढ़कर 80 रुपए प्रति किलो, मटर 90 रुपए किलो से बढकर 120 रुपए किलो, फूलगोभी 60-70 रुपए से बढ़कर 100 रुपए किलो, फली की कीमत 50 रुपए किलो से बढ़कर 90 रुपए किलो हो गई। उन्होंने कहा कि लौकी पहले 40 रुपए किलो थी जो बढ़कर 50 रुपए किलो हो गई। जबकि गाजर का भाव 40 रुपए से बढ़कर 60 रुपए किलो हो गया। भिंडी की कीमत पहले के 40 रुपए की जगह अब 60 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई।

Supreet Kaur

Advertising