टोल प्लाजा पर 11 नवंबर तक चलेंगे 500, 1000 के नोट

Wednesday, Nov 09, 2016 - 03:57 PM (IST)

नई दिल्लीः नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देश के सभी टोल प्लाजा पर 11 नवंबर की मध्यरात्रि तक पुराने 500 और 1,000 के नोटों को स्वीकार किए जाने की घोषणा की है। लोगों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे टोल प्लाजा पर लंबी कतारें नहीं लगेंगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) के चेयरमैन राघव चंद्रा ने यह मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पी.एम.ओ.) के साथ उठाया जिसके बाद यह फैसला किया गया। चंद्रा को राज्यों से सभी टोल प्लाजा पर खराब होती स्थिति की सूचना मिली थी। चंद्रा ने कहा,'हमने देशभर में सभी 365 टोल प्लाजाओं को तत्काल 500 और 1,000 का नोट स्वीकार करने का निर्देश दिया है। 11 नवंबर मध्यरात्रि तक टोल प्लाजा पर ये नोट स्वीकार किए जाएंगे। टोल प्लाजा पर जाम तथा लंबी कतारों की वजह से यह कदम उठाया गया है।'

1000 और 500 रुपए के नोट अवैध घोषित किए जाने के बाद, बुधवार की सुबह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन लोगों ने पहले से बैंकों से पैसे निकाल रखे थे, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वहीं तमाम टोल प्लाजा पर भी जाम लगना शुरू हो गया, गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं क्योंकि लोगों के पास खुल्ले पैसे नहीं थे। देश भर से आ रही ऐसी सूचनाओं के बाद नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सभी टोल प्लाजा पर अगले 72 घंटे तक, 1000-500 के नोट मान्य होने का ऐलान कर दिया। एन.एच.ए.आई. के चेयरमैन ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है।

चंद्रा ने बताया कि उन्होंने पी.एम.ओ. तथा वित्त मंत्रालय से संपर्क कर उन्हें प्लाजा पर स्थिति से अवगत कराया। उन्हें यात्रियों के अलावा राज्य सरकारों के अधिकारियों से यातायात जाम की कॉल्स मिली थीं। उन्होंने कहा,'कई हरियाणा और गुजरात सहित कई मुख्य सचिवों के अलावा यात्रियों ने मुझसे संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया।' इसके बाद सरकार से संपर्क करने पर टोल प्लाजा पर 500 और 1,000 का नोट स्वीकार करने की अनुमति दे दी गई।


 

Advertising