मिस्त्री-टाटा विवाद: HR हेड समेत 3 ने छोड़ी टाटा संस

Monday, Oct 31, 2016 - 11:16 AM (IST)

नई दिल्ली: साइरस मिस्त्री को पद से हटाए जाने के बाद से हर रोज कोई न कोई बड़ी हलचल सामने आ रही है। साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद उनके करीबी भी कंपनी छोड़कर जा रहे हैं। इस विवाद से जुड़ी ताजा खबर यह है कि टाटा ग्रुप के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (सी.एच.आर.ओ.) समेत ग्रुप एग्जीक्यूटिव काउंसिल (जी.ई.सी.) के 3 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में एनएस राजन के अलावा बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर मधु कन्नन, स्ट्रैटजिस्ट निर्मल्या कुमार भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि बीते सोमवार को ही रतन टाटा ने साइरस मिस्त्री को पद से हटाकर खुद कमान संभाल ली थी। इस घटनाक्रम से एक बार फिर यह संकेत मिल गया है कि ग्रुप के मैनेजमेंट में चेयरमैन को अचानक हटाए जाने से निराशा का माहौल है। ये तीनों ही एग्जिक्यूटिव्स उस काउंसिल के सदस्य थे, जिसे रतन टाटा ने अंतरिम चेयरमैन के तौर पर कमान संभालते ही भंग कर दिया था।

टाटा ग्रुप के स्टॉक्स में 26,000 करोड़ की गिरावट
साइरस मिस्त्री और रतन टाटा के बीच जारी विवाद के चलते टाटा ग्रुप्स के स्टॉक्स में बीते गुरुवार को भी गिरावट दिखी। इस बड़े विवाद के चलते निवेशकों की परेशानी के पीछे सरकार की विफलता बताई जा रही है। साइरस मिस्त्री को उनके पद से हटाए जाने के 3 दिन बाद (गुरुवार) तक टाटा ग्रुप की बाजार हिस्सेदारी में 26,000 करोड़ रुपए की चपत लग चुकी है।

सॉफ्टवेयर बनाने वाली दिग्गज कंपनी सोमवार को रतन टाटा के फैसले के बाद मुश्किल के ही 0.6 फीसदी की गिरावट को काबू में रख पाई है। बीते गुरुवार को टाटा टेलीसर्विस (महाराष्ट्र) के शेयर 10 फीसदी की गिरावट के साथ 6.7 रुपए के स्तर पर पहुंच गए थे। इंडियन होटल्स के शेयर 10 फीसदी की गिरावट के साथ 4.18 फीसदी तक लुढ़ककर 114.65 रुपए के स्तर पर आ गए।

Advertising