तिमाही नतीजों के बाद चमका यह स्टॉक, 52 हफ्ते के हाई के करीब पहुंचा
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 01:15 PM (IST)
मुंबई: गुजरात की एफएमसीजी कंपनी गोकुल एग्रो रिसोर्सेज (Gokul Agro Resources) के शेयर में तिमाही नतीजों के बाद 7% से ज़्यादा की तेजी आई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर गुरुवार को मल्टीबैगर स्टॉक गोकुल एग्रो रिसोर्सेज के शेयर बुधवार को 223.20 रुपए पर बंद हुए थे। गुरुवार को यह 225.40 रुपए प्रति शेयर के स्तर पर खुले। कारोबार के दौरान शेयर 238.58 रुपए के उच्च स्तर तक पहुंच गया, जो इसके 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 249.92 रुपए के करीब है।
क्या रहा परिणाम
कंपनी ने FY27 की पहली तिमाही में मजबूत फाइनेंशियल पफोर्मेंस दिखाया है। इसके मुताबकि कंपनी की ऑपरेशंस से कंशोलिडेटेड रेवेन्यू साल-दर-साल (YoY) 7% बढ़कर 5,281.95 करोड़ रुपए हो गया है। यह पिछले साल की इसी तिमाही में 4,924.35 करोड़ रुपए था। इस दौरान कंपनी की कुल आमदनी भी साल-दर-साल 7% बढ़कर 5,295.01 करोड़ रुपए हो गई। यह कारोबार की स्थिर वृद्धि को दर्शाता है।
गोकुल एग्रो रिसोर्सेज का कहना है कि उत्पादों में विविधता, बेहतर परिचालन दक्षता, वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स की बढ़ती हिस्सेदारी और निर्यात कारोबार से मिले बेहतर योगदान ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती दी है। कंपनी के पास 575 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर्स का नेटवर्क है, जबकि इसकी उत्पादन क्षमता 20 लाख टन प्रति वर्ष है। कंपनी के उत्पाद देश के 28 राज्यों में उपलब्ध हैं और 33 देशों में निर्यात किए जाते हैं।
क्या कहना है कंपनी का
कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कनुभाई जे. ठक्कर ने कहा कि वित्त वर्ष की पहली तिमाही कंपनी के लिए मजबूत शुरुआत रही। इस दौरान कंपनी ने 5,282 करोड़ रुपए का राजस्व, 217 करोड़ रुपए का EBITDA और 124 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया। उनके अनुसार, लाभ में वृद्धि राजस्व वृद्धि से अधिक रही, जो बेहतर सोर्सिंग, परिचालन क्षमता और विविध कारोबार मॉडल का परिणाम है।
रिटर्न की बात करें तो कंपनी का शेयर निवेशकों के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन करता रहा है। पिछले एक सप्ताह में इसमें 8.5%, एक महीने में 9.44%, साल 2026 की शुरुआत से अब तक 27% और पिछले एक वर्ष में करीब 47% की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, तीन वर्षों में इस शेयर ने लगभग 292% और पांच वर्षों में 1,107% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
