कपास की कीमत पर लगा ब्रेक, हफ्तेभर में भाव 4% गिरा

Tuesday, Sep 06, 2022 - 03:54 PM (IST)

नई दिल्लीः देश की मंडियों में कपास की आवक होने के सा‍थ ही हाजिर बाजार में कपास की कीमतों में गिरावट आने लगी है। पिछले एक सप्‍ताह में कपास की कीमत करीब 4 फीसदी तक गिर गई है। भाव प्रति गांठ गिरकर 43,000 रुपए प्रति गांठ हो गया है। इंटरनेशनल मार्केट में बिकवाली और देश में इस साल अच्छी फसल होने की संभावना से कपास के भाव दबाव में आया है। अगर एक्सपर्ट की माने तो कॉटन का ये रेट धीरे-धीरे गिरकर 40,000 रुपए प्रति गांठ तक आ सकता है।

भारत में इस बार कपास का रकबा 7 फीसदी बढ़ा है। 2 सितंबर तक 125.70 लाख हेक्टेयर में इसकी बुआई हो चुकी है। पिछले साल की समान अवधि में 117.7 लाख हेक्टेयर में कपास की बुआई हुई थी। भारत के हाजिर बाजार के अलावा अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आईसीई कॉटन दिसंबर वायदा में भी बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई है और भाव 9.6 फीसदी की गिरावट के साथ 103.21 सेंट प्रति पाउंड पर बंद हुआ है।

कपास की आवक शुरू

देश के प्रमुख कपास उत्‍पादक राज्‍यों, खासकर उत्‍तर भारत में, कपास की आवक शुरू हो चुकी है। हरियाणा के पलवल जिले में 2022-23 सीजन के लिए कपास की आवक समय पूर्व शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी नई कपास की कुल दैनिक आवक 500 गांठ (170 किलोग्राम) से कम ही है। हरियाणा और राजस्‍थान में नई कपास का भाव लगभग 9,900-10,000 रुपए क्विंटल बोला जा रहा है। सितंबर 2022 के पहले हफ्ते से हरियाणा और पंजाब की मंडियों में आवक बढ़ने की उम्‍मीद है। अक्टूबर 2022 के पहले हफ्ते से दक्षिण भारत की मंडियों में कपास आने की संभावना है।

jyoti choudhary

Advertising