चार माह की गिरावट से उबरा सेवा क्षेत्र

Friday, Mar 03, 2017 - 03:36 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के सेवा क्षेत्र पर नोटबंदी का असर धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है क्योंकि मांग भी पटरी पर लौट रही है और मांग आने से देश के सेवा क्षेत्र में चार माह में पहली बार फरवरी में तेजी दर्ज की गई। इससे पहले सेवा क्षेत्र नोटबंदी के दबाव में लगातार तीन महीने गिरावट में रहा था। हालांकि जनवरी में इसकी गिरावट कुछ कम रही थी। सेवा प्रदाताओं ने गत अक्टूबर के बाद पहली बार नए कारोबार के विकास की बात की है। हालांकि यह तेजी मामूली रही लेकिन सेवा प्रदाता अपनी कीमत बढ़ाने के योग्य हुए।

निक्की द्वारा आज यहां जारी सेवा कारोबार गतिविधि सूचकांक 50.3 दर्ज किया गया जबकि गत जनवरी मेंं सूचकांक 48.7 रहा था। सूचकांक का 50 से नीचे रहना गतिविधियों में गिरावट तथा 50 से ऊपर रहना तेजी दर्शाता है जबकि 50 का स्तर स्थिरता का द्योतक है। इससे पहले नोटबंदी के बाद पिछले साल नवंबर में सूचकांक 46.7 रहा था , जो करीब तीन साल का निचला स्तर था। इसके बाद दिसंबर में सूचकांक 46.8 दर्ज किया गया था।

रिपोर्ट तैयार करने वाली आईएचएस मार्कीट की अर्थशास्त्री पॉलियाना डी लीमा ने आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, नोटबंदी के दबाव में इससे पहले के तीन महीने गिरावट में रहे सेवा क्षेत्र में फरवरी में कारोबारी गतिविधियां तेज हुई हैं। हालांकि यह विकास दर मामूली है और ऐतिहासिक औसत से कम है। फिलहाल कंपनियां आर्थिक सुधार की स्थिरता को लेकर संदेह में हैं।  

Advertising