आम जनता पर पड़ी महंगाई की मार, बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत 1000 के पार
Thursday, Nov 22, 2018 - 05:41 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः जनता पर एक बार फिर से महंगाई की मार पड़ी है। जहां पहले पेट्रोल-डीजल के दामों के लेकर लोग परेशान थे, अब यही हाल गैस सिलेंडर को लेकर भी होने वाला है। दरअसल, कर्नाटक के करीब सभी इलाके में बिना सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमत 1000 रुपए के आसपास पहुंच चुकी है, वहीं बीदर में एक सिलेंडर 1015.50 रुपए में बेचा जा रहा है।
बेंगलुरु में बिना सब्सिडी वाला घरेलू सिलेंडर 941 रुपए में मिल रहा है। मंगलुरु (बॉटलिंग प्लांट के नजदीक) सिलेंडर 921 रुपए में बेचा जा रहा है। इसी तरह हुबली में 962 रुपए और बेलागवी में 956 रुपए में एक सिलेंडर उपभोक्ताओं को मिल रहा है। जबकि इसी साल अप्रैल महीने में बिना सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत बेंगलुरु में 654 रुपए, मंगलुरु में 630 रुपए, हुबली में 670 रुपए और बेलागवी में 666 रुपए थी। बीदर में उस समय यह कीमत 721 रुपए थी।
जाने कहां बढ़े रेट
शहर | गैस की कीमत रुपए में |
कर्नाटक | 1000 रुपए |
बीदर | 1015.50 रुपए |
बेंगलुरु | 941 रुपए |
मंगलुरु | 921 रुपए |
हुबली | 962 रुपए |
बेलागवी | 956 रुपए |
3 साल पहले 350 का सिलेंडर पहुंचा 1000 तक
बता दें कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत पेट्रोल-डीजल की तरह प्रतिदिन नहीं, बल्कि महीने में तय की जाती है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने वर्ष 2015 में डीबीटी स्कीम लागू की थी। इस स्कीम के तहत उपभोक्ताओं को अब गैस खरीदने वक्त ही पूरे पैसे देने होते हैं। बाद में उनके खाते में सब्सिडी के पैसे जमा होते हैं। तीन साल पहले करीब 350 रुपए में मिलने वाले गैस सिलेंडर की कीमत अब 1000 रुपए तक पहुंच चुकी है। हालांकि, सब्सिडी की रकम भी गैस सिलेंडर का मूल्य बढ़ने के अनुसार बढ़ती है।
1 नवंबर को बढ़े थे दाम
गौरतलब है कि 1 नवंबर को सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 2.94 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थी। इंडियन ऑयल कॉर्प (आईओसी) ने बयान में कहा था कि 14.2 किलो के सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम मध्य रात्रि से 502.40 रुपए से बढ़कर 505.34 रुपए प्रति सिलेंडर हो जाएंगे। सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में जून से यह छठी वृद्धि हुई थी।