शेयर बाजार का मार्केट कैप 400 लाख करोड़ के करीब, 5 साल में यह दोगुने से ज्यादा होगा

Saturday, Feb 24, 2024 - 04:24 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय शेयर बाजार का मार्केट कैप 400 लाख करोड़ रुपए का सार्वकालिक रिकॉर्ड स्तर छूने की ओर है। शुक्रवार को यह 0.22% बढ़कर 393.04 लाख करोड़ रुपए की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। निवेशकों के भारत में बढ़ते भरोसे पर दुनिया की बड़ी ब्रोकरेज फर्म में शुमार जेफरीज ने भी मुहर लगाई है। जेफरीज का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार का मार्केट कैप वर्ष 2030 तक 830 लाख करोड़ रुपए होने की संभावना है। जेफरीज के मुताबिक, ग्लोबल इंडेक्स में भारत का वेटेज 2 फीसदी ही है। इसलिए विदेशी निवेशकों के इसमें निवेश बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।

दुनिया के टॉप-4 में शामिल 3 शेयर बाजार ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। चीन के बाजार में भी बढ़त रही।

अमेरिकाः चिप कंपनी एनवीडिया के तिमाही नतीजों के चलते एसएंडपी-500 रिकॉर्ड ऊंचाई पर
पहुंचा। नैस्डेक कंपोजिट 2.96% और डाउ जोंस 1.18% उछलकर उच्चतम स्तर पर पहुंचे। एनवीडिया के शेयर 16.4% बढ़ने से मार्केट कैप एक दिन में 277 अरब डॉलर बढ़ गया। यह बढ़त भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस के कुल मार्केट कैप (262 अरब डॉलर) से भी अधिक है।

जापानः जीडीपी में गिरावट की खबरों के बाद भी सूचकांक निक्केई-225, 35 साल का रिकॉर्ड तोड़कर 39,098 अंक पर बंद हुआ।

भारतः निफ्टी-50 शुक्रवार को 22,297 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा। निफ्टी 4 माह से
17.79% उछल चुका है।

यूरोपः ब्याज दरें घटने की संभावना से एसटीओएक्सएक्स-600 रिकॉर्ड पर बंद हुआ। जनवरी 2022 के बाद पहली बार 495 अंक पर बंद हुआ। 

चीनः सीएसआई-300, 0.09% बढ़कर 3,489.74 के स्तर पर बंद हुआ।
 

jyoti choudhary

Advertising