India-US Trade Deal: रुपए में जबरदस्त तेजी, डॉलर के मुकाबले 119 पैसे चढ़ा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 10:37 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से टैरिफ में बड़ी कटौती के ऐलान के बाद भारतीय रुपए में जबरदस्त मजबूती देखने को मिल रही है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बनी सहमति का सीधा असर करेंसी मार्केट पर पड़ा है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 119 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 90.30 पर पहुंच गया। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय करेंसी 2021 के बाद सबसे ज्यादा मजबूत हुई है
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी शुल्क में कटौती से पूरी तस्वीर बदल गई है। इससे दुनिया के सामने भारत की स्थिति मजबूत हुई है और भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी के दरवाजे खुल गए हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.30 पर खुला, जो पिछले बंद स्तर 91.49 के मुकाबले 119 पैसे की बढ़त दर्शाता है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत गिरकर 97.43 पर था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
