आयकर विभाग ने चालू वित्त वर्ष में करदाताओं को अब तक 25,301 करोड़ रुपए रिफंड किया

Wednesday, May 26, 2021 - 06:15 PM (IST)

नई दिल्लीः आयकर विभाग ने बुधवार को कहा कि उसने चालू वित्त वर्ष में अब तक 15.45 लाख करदाताओं को 25,301 करोड़ रुपए का रिफंड किया है। कुल लौटाई गई राशि में से व्यक्तिगत आयकर मद में 15 लाख से अधिक करदाताओं को 7,494 करोड़ रुपए जबकि कंपनी कर मद में 44,140 करदाताओं को 17,807 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। 

आयकर विभाग ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक अप्रैल, 2021 से 24 मई, 2021 के बीच 15.45 लाख से अधिक करदाताओं को 25,301 करोड़ रुपए से ज्यादा रकम लौटाई।’’ आयकर विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि राशि किस वित्त वर्ष से जुड़ी है। हालांकि, ऐसा माना जाता है कि जो रिफंड किया गया है वह वित्त वर्ष 2019-20 के भरे गए कर रिटर्न से संबंधित हैं।

पिछले वित्त वर्ष में विभाग ने 2.38 करोड़ करदाताओं को 2.62 लाख करोड़ रुपए लौटाए थे। वित्त वर्ष 2020-21 में करदाताओं को वापस की गई राशि 2019-20 में लौटाई गई 1.83 लाख करोड़ रुपए के मुकाबले 43.2 प्रतिशत अधिक है।

jyoti choudhary

Advertising