बजट और साड़ी का खास कनेक्शन: हर साल अलग अंदाज़ में दिखती हैं वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण
punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 04:43 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को लगातार 9वीं बार यूनियन बजट पेश करेंगी। इस बजट पर टैक्सपेयर्स, उद्योग जगत, किसान, महिलाएं और युवा—सभी की नजरें टिकी हैं। हर साल बजट में बड़े आर्थिक ऐलानों के साथ-साथ वित्तमंत्री के पहनावे को लेकर भी खास दिलचस्पी रहती है।
निर्मला सीतारमण बजट के दिन अक्सर हाथ से बुनी साड़ियां पहनती हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत, क्षेत्रीय पहचान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक मानी जाती हैं। उनकी साड़ी का चयन अक्सर उस साल के संदेश और सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ाव को भी दर्शाता है।
यूनियन बजट 2025: गोल्डन बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट साड़ी
1 फरवरी 2025 को वित्तमंत्री गोल्डन बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट साड़ी में नजर आई थीं, जिस पर मधुबनी पेंटिंग थी। यह साड़ी उन्हें पद्मश्री से सम्मानित मशहूर मधुबनी कलाकार दुलारी देवी ने उपहार में दी थी। दुलारी देवी ने मिथिला आर्ट इंस्टीट्यूट की यात्रा के दौरान उनसे आग्रह किया था कि वह बजट के दिन इस साड़ी को पहनें।
यूनियन बजट 2024: ऑफ-व्हाइट मंगलागिरी साड़ी
यूनियन बजट 2024 के दिन निर्मला सीतारमण ने ऑफ-व्हाइट मंगलागिरी साड़ी पहनी थी, जिसके बॉर्डर पर गहरा गुलाबी रंग था। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में बनने वाली यह साड़ी अपने सादे डिजाइन और आकर्षक बॉर्डर के लिए जानी जाती है। उस बजट में आंध्र प्रदेश को खास फोकस दिया गया था।
यूनियन बजट 2023: रेड सिल्क और टेंपल बॉर्डर
2023 के बजट के दौरान उन्होंने ब्लैक और गोल्ड टेंपल बॉर्डर वाली लाल सिल्क साड़ी पहनी थी। इस साड़ी के डिजाइनों में रथ, मोर और कमल जैसे पारंपरिक प्रतीक शामिल थे, जो शक्ति, स्थिरता और परंपरा को दर्शाते हैं।
यूनियन बजट 2022: ओडिशा की बोमकाई साड़ी
2022 में वित्तमंत्री गहरी भूरी रंग की बोमकाई साड़ी में नजर आई थीं, जो ओडिशा के गंजम जिले में बनाई जाती है। इस साड़ी पर सिल्वर जरी का काम था और यह ओडिशा की समृद्ध हैंडलूम परंपरा को दर्शाती है।
यूनियन बजट 2021: पोचमपल्ली इकत साड़ी
कोविड काल के बीच पेश हुए 2021 के बजट में उन्होंने तेलंगाना की रंगीन पोचमपल्ली इकत साड़ी पहनी थी। लाल, ऑफ-व्हाइट और हरे रंगों का मिश्रण उस समय सरकार की उम्मीद और आर्थिक पुनरुद्धार की भावना को दर्शाता था।
यूनियन बजट 2020: पीली सिल्क साड़ी
2020 में निर्मला सीतारमण चमकीली पीली सिल्क साड़ी में नजर आई थीं, जिसके बॉर्डर पर नीला रंग था। पीला रंग उम्मीद और नई शुरुआत का प्रतीक माना गया, जबकि नीला रंग स्थिरता और शांति को दर्शाता है।
यूनियन बजट 2019: गुलाबी मंगलागिरी साड़ी और नई परंपरा
अपने पहले यूनियन बजट में वित्तमंत्री ने गुलाबी मंगलागिरी साड़ी पहनी थी, जिसका गोल्डन बॉर्डर भारतीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक था। इसी बजट में उन्होंने पारंपरिक ब्रीफकेस की जगह ‘बही-खाता’ का इस्तेमाल शुरू कर नई परंपरा की शुरुआत की।
