TCS फिर बनी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी, RIL को पीछे छोड़ा

Saturday, Sep 01, 2018 - 02:00 PM (IST)

नई दिल्ली: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने एक बार फिर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीसीएस ने मार्केट कैप के आधार पर रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को पीछे छोड़ दिया है। कुछ समय पहले आरआईएल ने टीसीएस से यह खिताब छिन लिया था।

शुक्रवार को शेयर बाजारों में कारोबार खत्म होने पर टीसीएस का मार्केट कैप 7,95,654.49 करोड़ रुपए रहा, जो रिलायंस के 7,86,470.66 करोड़ रुपए के मार्केट कैप से 9,183.83 करोड़ रुपए अधिक है। टीसीएस ने एक सप्ताह के भीतर ही अपना खिताब फिर से हासिल कर लिया है।

शुक्रवार को टीसीएस के शेयर 0.06 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 2,078.20 रुपए पर बंद हुए। वहीं, रिलायंस के शेयर 2.60 फीसदी की गिरावट के साथ 1,240.95 रुपए पर बंद हुए। रिलायंस इसी सप्ताह 8 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप हासिल करने वाली देश की पहली कंपनी बनी थी।

13 जुलाई को रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यू 7 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंची थी। इस खिताब को हासिल करने वाली रिलायंस टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के बाद दूसरी कंपनी बनी थी। दोनों ही कंपनियों के बीच मार्केट कैप के आधार पर नबंर वन बनने के लिए कांटे की टक्कर चल रही है।

jyoti choudhary

Advertising