''दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए सरकार के साथ काम करना चाहती है TCS''

Monday, Apr 23, 2018 - 07:25 PM (IST)

नई दिल्लीः सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों को आकस्मिक सेवाएं मुहैया कराने और उनके अंगों को भविष्य के लिए सुरक्षित रखने के लिए टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेस (टी.सी.एस.) भारत सरकार के साथ काम करने की इच्छुक है।

केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कंपनी लोगों को हेलीकॉटर के माध्यम से आकस्मिक सेवाएं पहुंचाने की सुविधा शुरू करना चाहती है। साथ ही उसकी योजना दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों के अंगों को सहेजने की भी है ताकि उन्हें बाद में अंग प्रतिरोपण के लिए उपयोग में लाया जा सके। गडकरी ने यहां कहा कि देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए सरकार ने यातायात प्रबंधन के लिए दक्षिण कोरिया से हाथ मिलाया है। इसके अलावा वह राजमार्गों के लिए एक प्रभावी गश्ती दल बनाने की योजना बना रही है।

मंत्री ने कहा, ‘‘टी.सी.एस. एक प्रस्ताव लेकर आई है। उसमें वह अंग दान पहल से जुडऩे के लिए तैयार हैं। इसके अलावा वह दुर्घटना में घायलों को हेलीकॉप्टर सेवाएं मुहैया कराएंगे।’’ टी.सी.एस. देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी है। गडकरी ने कहा कि सरकार जल्द ही एक पहल शुरू करने वाली है जिसमें दुर्घटना में घायल लोगों को तेजी से मदद पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाने की सुविधा शुरू की जानी है, साथ ही मृत्यु की स्थिति में अंग प्रतिरोपण के लिए अंगों की सुरक्षा करने वाले विशेषज्ञ अस्पतालों के साथ संपर्क स्थापित कर उन अंगों का प्रबंधन करना है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार राजमार्गों के किनारे 750 सुविधा केंद्र बना रही है।’’  

jyoti choudhary

Advertising