टाटा मोटर्स की इवेको अधिग्रहण पेशकश को 80 प्रतिशत की अहम सीमा से अधिक स्वीकृति

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 01:01 PM (IST)

नई दिल्लीः टाटा मोटर्स की इतालवी वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी इवेको ग्रुप के अधिग्रहण के लिए पेशकश एक अहम पड़ाव पार कर गई है। अस्थायी नतीजों के अनुसार, कंपनी के पास मौजूद शेयर को छोड़कर पेशकशकर्ता के पास कंपनी की 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जो संशोधित 80 प्रतिशत की न्यूनतम सीमा से अधिक है। 

शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, 26 अक्टूबर को समाप्त हुई पेशकश अवधि के दौरान इवेको ग्रुप के 23.816 करोड़ साधारण शेयर की पेशकश की गई, जो इवेको की कुल साधारण शेयर पूंजी का करीब 87.81 प्रतिशत हैं। यह अधिग्रहण 2008 में फोर्ड से जगुआर लैंड रोवर को खरीदने के बाद टाटा मोटर्स का सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा। टाटा मोटर्स ने शुरुआत में इवेको के लिए प्रति शेयर 14.10 यूरो की पेशकश की थी। बाद में नौ अक्टूबर को उसने कीमत 0.30 यूरो बढ़ाकर प्रति शेयर 14.40 यूरो कर दी, जिसमें लाभांश भी शामिल है। टाटा मोटर्स ने 2025 में टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिये इवेको का अधिग्रहण करने की योजना की घोषणा की थी। 

इस सौदे में इवेको का रक्षा कारोबार शामिल नहीं है और इसका मूल्य लगभग 3.8 अरब यूरो (करीब 38,240 करोड़ रुपए) है। इस अधिग्रहण का उद्देश्य इवेको के स्थापित परिचालन और उत्पाद पोर्टफोलियो के जरिये वैश्विक वाणिज्यिक वाहन बाजार में टाटा मोटर्स की मौजूदगी का विस्तार करना है। नियामकीय सूचना में कहा गया कि अस्थायी नतीजों के आधार पर पेशकशकर्ता ने संशोधित न्यूनतम सीमा की शर्त पूरी कर ली है। 

पेशकश के अंतिम नतीजे 29 अक्टूबर तक घोषित किए जाने हैं। यह पेशकश टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी की ओर से की जा रही है। यह टीएमएल सीवी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है, जो स्वयं टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहन कारोबार की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है। शुरुआती स्वीकृति अवधि के दौरान पेशकश किए गए 23.816 करोड़ शेयरों के लिए कुल भुगतान राशि 3.43 अरब यूरो बैठती है। इन शेयर के लिए भुगतान 30 अक्टूबर को किया जाना है। इसी समय शेयर का स्वामित्व पेशकशकर्ता को हस्तांतरित किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News