सुजुकी मोटर की परिचालन आय अप्रैल-जून में 46% गिरी

Monday, Aug 05, 2019 - 06:31 PM (IST)

नई दिल्लीः जापान की सुजुकी मोटर कॉर्प की एकीकृत शुद्ध बिक्री अप्रैल-जून तिमाही में 80 अरब येन (8.1 प्रतिशत) गिरकर 907.5 अरब येन रह गई। इसकी अहम वजह भारतीय बाजार में कंपनी के वाहनों की बिक्री और साथ ही साथ जापान में उत्पादन घटना है। कंपनी ने एक बयान में जानकारी दी कि उसकी परिचालन आय 53.8 अरब येन (46.2 प्रतिशत) घटकर 62.7 अरब येन रही है। इसी तरह मातृ कंपनी के मालिकों (शेयरधारकों) की शुद्ध आय 45.4 अरब येन (52.8 प्रतिशत) गिरकर 40.5 अरब येन रह गई।

कंपनी ने कहा, ‘‘पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2019) में शुद्ध बिक्री एवं आय में गिरावट की प्रमुख वजह अंतिम निरीक्षण ढांचे का पुनर्गठन करने से जापान में उत्पादन का घटना और भारतीय वाहन बाजार में बिक्री का कम होना है।'' कंपनी की शुद्ध बिक्री इस तिमाही में पाकिस्तान और इंडोनेशिया जैसे बाजारों में उसके वाहनों की बिक्री नीचे आने से भी घटी है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले येन के कमजोर पड़ने का असर भी पड़ा है। 

भारत की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया में सुजुकी की बहुलांश हिस्सेदारी है। भारतीय वाहन बाजार में मंदी से मारुति की बिक्री में गिरावट देखी गई है। भारतीय बाजार में जुलाई में मारुति कारों की घरेलू बिक्री 36.3 प्रतिशत घटकर 98,210 वाहन रही। एक साल पहले जुलाई में यह 1,54,150 वाहन थी। जून 2017 के बाद यह पहली बार हुआ है जब मारुति की बिक्री एक लाख वाहन से नीचे आई है। 

jyoti choudhary

Advertising