गर्मी की मार से किसान परेशान, सता रही है फसल की चिंता

Friday, Mar 03, 2017 - 05:12 PM (IST)

नई दिल्लीः इस साल पूरे देश में गर्मी का कहर सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है ऐसे में किसानों को अपनी फसल की चिंता सता रही है। कृषि विशेषज्ञ भी मानते हैं कि गेहूं, मक्का और आलू की फसलों को अचानक बढ़ी गर्मी से नुकसान पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने मार्च से मई के लिए गर्मी का जो अनुमान जारी किया है उसके मुताबिक देश के कई राज्यों में गर्मी इस साल काफी ज्यादा रहेगी। सबसे ज्यादा असर होगा देश के पश्चिमी राज्यों में जहां तापमान औसत से ज्यादा ही रहेगा।

मौसम में अचानक बढ़ रही गर्मी ने किसानों को परेशान कर दिया है। समय से पहले आई गर्मी से गेहूं और मक्का की फसल को नुकसान होने की आशंका है। सरसों और मटर की फसल पर भी बढ़ती गर्मी का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि जानकारों के मुताबिक दलहन और तिलहन की फसलें थोड़े फायदे में रह सकती हैं। जाहिर है जब किसानों की उपज प्रभावित होगी तो गर्मियों में महंगाई की मार भी पड़ सकती है। लागत बढ़ने का हवाला देकर अमूल ने दूध के दाम में तो 2 रुपए लीटर की बढ़ौतरी कर भी दी है। आने वाले दिनों में खाने-पीने की दूसरी चीजें भी महंगी हो सकती हैं।

तापमान में जिस तरह बढ़ौतरी हो रही है उससे गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचने के अनुमान है। प्रति एकड़ करीब 4 से 5 क्विंटल गेहूं कम होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में किसानों को अधिक से अधिक पानी और दवाइयों का छिड़काव करना होगा जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ सकता है।

Advertising