एक सितंबर तक उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का 4,832 करोड़ रुपए बकाया

Saturday, Sep 17, 2022 - 12:11 PM (IST)

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों पर एक सितंबर तक गन्ना किसानों का 4,832 करोड़ रुपए बकाया है। यह आंकडा इस महीने के अंत में समाप्त होने वाले पेराई सत्र 2021-22 के लिए है। वहीं, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों की राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के अनुसार कुल बकाया का 86.27 प्रतिशत या 30,368.73 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। 

मंत्री ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सांसद कुंवर दानिश अली को आठ सितंबर को लिखे एक पत्र में यह जानकारी दी है। इस पत्र को बाद में सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर भी साझा किया गया। गन्ना पेराई का मौसम अक्टूबर से सितंबर तक चलता है। गौरतलब है कि अली ने पांच अगस्त को लोकसभा में गन्ना बकाये का मुद्दा उठाया था। 

इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि विपणन वर्ष 2021-22 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए कुल देय राशि 35,201.22 करोड़ रुपए है और इसमें से चीनी मिलों ने किसानों को 30,368.73 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। वर्तमान में मिलों द्वारा गन्ना किसानों को 4,832.49 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया जाना बाकी है। ये आंकड़े राज्य सरकार द्वारा एक सितंबर तक एकत्र किए गए आंकड़ों पर आधारित हैं।  

jyoti choudhary

Advertising