पैट्रोल-डीजल के बाद महंगी हुई गैस, सबसिडी वाले सिलैंडर की कीमत बढ़ी

Tuesday, Nov 01, 2016 - 02:20 PM (IST)

नई दिल्ली: महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को तेल कंपनियों ने बड़ा झटका दिया है। पैट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ौतरी को अभी लोग भूल भी नहीं पाए थे कि कंपनियों ने एल.पी.जी गैस के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी। कंपनियों ने सबसिडी वाले एल.पी.जी. सिलैंडर में लगभग 2 रुपए और बिना सबसिडी वाले एल.पी.जी. सिलैंडर की कीमत में 37.5 रुपए का इजाफा कर दिया है। मंगलवार से बिना सबसिडी वाले सिलैंडर के लिए दिल्ली के लोगों को 529 रुपए चुकाने होंगे। यह जानकारी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आई.ओ.सी.एल.) ने दी है। आपको बता दें कि बढ़ी हुई दरें मंगलवार से लागू होंगी।

सबसिडी वाले गैस सिलैंडर की कीमत 31 अक्तूबर को लगभग 2 रुपए बढ़ाई गई है। यह 3 महीने में ऑयल कंपनियों की तरफ से की गई चौथी बढ़ौतरी है। आपको बता दें कि बीते 1 अक्तूबर को भी सबसिडी वाले सिलैंडर की कीमत लगभग 2 रुपए बढ़ी थी। वहीं इससे पहले बीते 1 सितंबर को सबसिडी वाला सिलैंडर 1.97 रुपए महंगा किया गया था और बीते 16 अगस्त को भी सब्सिडाइज सिलैंडर की कीमत में 2 रुपए का इजाफा हुआ था। 

ऑयल कंपनियों ने बिना सबसिडी वाले सिलैंडर की कीमत में 37.50 रुपए का इजाफा किया था। वहीं इससे पहले लगातार 3 बार इसमें कमी की गई। बीते 1 सितंबर को बिना सबसिडी वाला गैस सिलैंडर दिल्ली में 20.50 रुपए सस्ता किया गया था। 16 अगस्त को भी बिना सबसिडी वाला सिलैंडर 50.5 रुपए सस्ता किया गया था। हालांकि बीते 1 जुलाई को बिना सबसिडी वाले गैस सिलैंडर की कीमत 11 रुपए कम हुई थी।
 

Advertising