बैंकों में हड़ताल आज, मगर इन बैंकों पर नहीं होगा कोई असर

Tuesday, Aug 22, 2017 - 08:13 AM (IST)

नई दिल्लीः देश भर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी 22 अगस्त यानी आज हड़ताल पर हैं। इसका आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यू.बी.एफ.यू.) ने किया है। अखिल भारतीय पंजाब नैशनल बैंक अधिकारी संघ ने भी इसका समर्थन किया है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में वेतन पुनरीक्षण मामले, नई नियुक्तियों को लेकर यह हड़ताल बुलाई गई है।

ये हैं बैंक अधिकारियों की मांगें
यूनियन की ओर से इंडियन बैंक एसोसिएशन द्वारा गलत फैसले लिए जाने का भी विरोध किया गया है। इसके बाद 15 सितंबर को नई दिल्ली में एक लाख बैंक कर्मी रैली करेंगे। अक्तूबर और नवंबर में भी लगातार दो दिनों तक बैंकों में हड़ताल रहेगी। इसकी तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। बैंक कर्मियों ने भारतीय रिजर्व बैंक और केंद्र के अनुरूप पेंशन की सुविधा देने की भी मांग की है। यूनाइटेड फोरम की मुंबई में आयोजित बैठक में इंडियन बैंक एसोसिएशन की ओर से अधिकारी संघ की मांगों पर अंकुश लगाए जाने का भी विरोध किया गया। स्केल-3 से लेकर स्केल-7 के अधिकारियों के वेतन पुनरीक्षण की मांग को स्वीकृत करने का आग्रह भी यूनियन की तरफ से किया गया है।

प्राइवेट बैंक में हड़ताल नहीं
आई.सी.आई.सी.आई. बैंक, एच.डी.एफ.सी. बैंक, एक्सिस और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे प्राइवेट बैंकों में कामकाज सामान्य रहने की उम्‍मीद जताई जा रही है। हालांकि इन बैंकों में भी चेक क्‍लीयरिंग में देर होगी। महानगरों के साथ ही दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों में भी प्राइवेट बैंकों का ऑपरेशन मजबूत होता जा रहा है। ऐसे में उम्‍मीद है कि उपभोक्ता को अधिक मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Advertising