अब SBI कर्मी कर सकते हैं घर से काम

Thursday, Mar 09, 2017 - 10:39 AM (IST)

नई दिल्ली: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एस.बी.आई.) ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नई सुविधा ‘द वर्क फ्रॉम होम’ शुरू की है। इससे बैंक के कर्मचारी अपने घर से काम कर सकते हैं। बैंक के निदेशक मंडल ने हाल में अपने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी को मंजूरी दी है। इसके जरिए बैंक के कर्मचारी मोबाइल उपकरणों के जरिए घर से काम कर सकते हैं जिससे किसी तात्कालिक जरूरत को पूरा किया जा सके। बैंक ने बयान में कहा कि वह मोबाइल कम्प्यूटिंग टैकनॉलजी का इस्तेमाल करेगा और उसका सभी उपकरणों पर नियंत्रण रहेगा जिससे मोबाइल उपकरणों पर डॉटा और एप्लिकेशंस को सुरक्षित रखा जा सके और उनका प्रबंधन किया जा सके।

जुर्माना लगाना जरूरी
एस.बी.आई. की चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य ने कहा कि ने बैंक खातों में न्यूनतम राशि नहीं रखने पर जुर्माना लगाने के अपने फैसले को उचित ठहराया है। देश के सबसे बड़े बैंक ने कहा है कि उसे शून्य शेष वाले बड़ी संख्या में जन-धन खातों के प्रबंधन के बोझ को कम करने के लिए कुछ शुल्क लगाना पड़ेगा। बैंक ने कहा है कि उसे सरकार की ओर से जुर्माने के अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए अभी तक औपचारिक रूप से कोई सूचना नहीं मिली है। यदि सरकार की ओर से कुछ आता है तो उस पर विचार किया जाएगा।

एस.बी.आई. ने यह भी स्पष्ट किया है कि जन-धन खातों पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। आज हमारे ऊपर काफी बोझ है। इनमें 11 करोड़ जन-धन खाते भी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में जन-धन खातों के प्रबंधन के लिए हमें कुछ शुल्क लगाने की जरूरत है। हमने कई चीजों पर विचार किया और सावधानी से विश्लेषण के बाद यह कदम उठाया है।’’

Advertising