स्टार इंडिया अगले 5 सालों तक करेगा IPL का प्रसारण

Monday, Sep 04, 2017 - 03:12 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय खेल जगत में क्रिकेट प्रसारण में अपना एकाधिकार जमा चुके स्टार इंडिया ने बेशुमार दौलत से भरपूर इंडियन प्रीमियर लीग (आई.पी.एल.) के अगले पांच साल के प्रसारण अधिकार सोमवार को 16347.5 करोड़ रुपए (2.5 अरब डॉलर) में खरीद लिए। स्टार ने 2018 से 2022 तक पांच साल के लिए आई.पी.एल. के प्रसारण अधिकार खरीदे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बी.सी.सी.आई.) के खजाने में इससे भारी इजाफा हुआ है। स्टार इंडिया ने आई.पी.एल. के वैश्विक टेलीविजन और डिजीटल प्रसारण अधिकार खरीद लिए हैं।

स्टार ने पछाड़ा सोनी को 
स्टार को मिले इस प्रसारण अधिकार ने भारतीय टेलीविजन बाजार में अधिकार खरीदने का नक्शा ही बदल दिया है। वर्ष 2009 में सोनी ने वल्र्ड स्पोर्ट्स ग्रुप से नौ साल के लिए आई.पी.एल. प्रसारण अधिकार 1.63 अरब डॉलर (8200 करोड़) में खरीदे थे। वल्र्ड स्पोर्ट्स ग्रुप ने बी.सी.सी.आई. से यह अधिकार 10 वर्षाें के लिए 91.8 करोड़ डॉलर में हासिल किए थे। आई.पी.एल. प्रसारण अधिकार का यह चक्र 2017 में समाप्त हो गया था। स्टार भारत में डिजीटल राइट्स का पिछला अधिकारी था। उसने 2015 से 2017 तक के तीन साल के डिजीटल प्रसारण अधिकार के लिए 303 करोड़ रुपए दिए थे।

अधिकार हासिल करने की दौड़ में शामिल कंपनियां
आई.पी.एल. के प्रसारण अधिकार हासिल करने के लिए काफी मारामारी थी और इसके लिए 24 कंपनियां मैदान में थीं। प्रसारण अधिकार प्राप्त करने के लिए जो कंपनियां मैदान में कूदी थीं उनमें फॉलोऑन इंटरेक्टिव मीडिया, ताज टीवी इंडिया, स्टार इंडिया, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क, टाइम्स इंटरनेट, सुपर स्पोर्ट इंटरनेशनल, रिलांयस जियो डिजिटल सर्विस, गल्फ डीटीएच, ग्रुप एम मीडिया इंडिया, बीइनआईपी, इकोनेट मीडिया, स्काई यूके, बीटीजी लीगल सर्विसिज, बीटी पीएलसी, एमेकान, फेसबुक, ट्विटर, ईएसपीएन डिजिटल मीडिया, डिस्कवरी, एयरटेल, बैमटैक, यप टीवी, डीएजेडएन, परफार्म ग्रुप व याहू शामिल थीं।

Advertising