कृषि प्रौद्योगिकी को खेतों तक पहुंचाने में तेजी लाई जाए: राधामोहन

Saturday, Jul 16, 2016 - 06:04 PM (IST)

नई दिल्लीः कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने आज कृषि वैज्ञानिकों से अपील की कि वे प्रयोगशालाओं से नई-नई प्रौद्योगिकी को खेतों तक पहुंचाने का प्रयास तेज करें ताकि किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सके। सरकार ने 5 साल में किसानों की आय का स्तर 2 गुना करने का लक्ष्य रखा है।  

 

कृषि मंत्री यहां भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आई.सी.ए.आर.) के 88वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा, ‘हमारी सरकार ने 2022 तक किसानों की आय 2 गुना करने का लक्ष्य रखा है। हम इस लक्ष्य के लिए केवल कृषि कार्य पर ही ध्यान नहीं देंगे बल्कि कृषि से जुड़े दूसरे क्षेत्रों पर भी जोर दिया जाएगा।’  उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढाने के लिए समन्वित खेती बाड़ी जरूरी है। इसे बढ़ावा देने के लिए देश भर में आई.सी.ए.आर. के संस्थानों में किसानों को एेसी  किसानी के लाभों से परिचित कराया जाएगा। 

 

कृषि मंत्री ने कहा, ‘समन्वित कृषि से एक किसान परिवार साल में 3 लाख रुपए तक की बचत कर सकता है।’ सिंह ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने में प्रौद्योगिकी की बड़ी भूमिका है। ‘‘हमें प्रयोगशालाओं से निकली प्रौद्योगिकी को किसानों के खेत तक पहुंचने के प्रयास तेज करने होंगे। मैं वैज्ञानिकों और संस्थानों को इस काम पर ध्यान देने की अपली करता हूं। यह सुनिश्चित किया जाए कि नए उत्पाद बाजार में जरूर पहुंचें।’’  उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने में मदद के लिए मुर्गीपालन, मछली पालन और दुग्धउत्पादन जैसे कामों के प्रोत्साहन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में मंत्रालय के तीनों राज्य मंत्री, पुरुषोत्तम रुपाला, एसएस अहुलवालिया और सुदर्शन भगत तथा आई.सी.ए.आर. के महानिदेशक त्रिलोचन महापात्र भी उपस्थित थे।  

 

मंत्रियों ने 2016 के आई.सी.ए.आर. पुरस्कार भी वितरित किए। कुल 19 वर्गों में दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए इस बार कुल 119 वैज्ञानिकों, किसानों और पत्रकारों को चुना गया था। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में कुछ समन्वय का अभाव दिखा। अधिकारियों को पुरस्कार के लिए चयनित लोगों को पहचानने में दिक्कत हो रही थी जिससे कार्यक्रम में कुछ अफरातफरी रही।

Advertising