2018 तक जापान अफ्रीका में 30 अरब डॉलर निवेश करेगा!

Saturday, Aug 27, 2016 - 05:09 PM (IST)

नैरोबी: जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने आज कहा कि वर्ष 2018 तक जापान अफ्रीका में 30 अरब डॉलर का निवेश करेगा जिसमें 10 अरब डॉलर का निवेश ढांचागत सुविधाओं में किया जाएगा। अबे ने शिखर सम्मेलन में कहा, ‘‘निजी क्षेत्र से होने वाले निवेश को भी यदि मिलाया जाता है तो मुझे उम्मीद है कि कुल वास्तविक निवेश 30 अरब डॉलर के करीब होगा।’’  

 

अबे ने टोक्यो इंटरनैशनल कन्फ्रेंस ऑन अफ्रीकन डेवलपमेंट को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह वह निवेश है जिसका अफ्रीका के भविष्य पर विश्वास है।’’ अबे सम्मेलन के दौरान अफ्रीका के दर्जनों नेताओं से मुलाकात करेंगे। इनमें केन्या के राष्ट्रपति उहर केन्याता और दक्षिण अफ्रीका के जैकब जुमा प्रमुख हैं। यह पहला मौका है जब अफ्रीकी विकास पर केन्द्रित तोक्यो अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन अफ्रीका में किया जा रहा है। इससे पहले पांचों कार्यक्रमों का आयोजन जापान में ही किया गया।   

 

सम्मेलन का मकसद अफ्रीका के साथ व्यापार और सहायता को बढ़ावा देना है। जापान का मानना है कि क्षेत्र में चीन के प्रभाव को कम करने की लड़ाई में मात्रा पर गुणवत्ता भारी पड़ेगी। हालांकि, अफ्रीका में टोक्यो की पहले से ही स्थापित मौजूदगी है लेकिन उसके वित्तीय महत्व को उसके क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धी चीन ने लंबे समय से दबा दिया है।   चीन का अफ्रीका के साथ 2015 में कुल 179 अरब डॉलर का व्यापार रहा है जबकि जापान का व्यापार 24 अरब डॉलर ही रहा है। 

Advertising