कम्पनियों के मजबूत आंकड़ों से चढ़ा बाजार

Friday, Jul 22, 2016 - 04:26 PM (IST)

मुंबईः एशियाई बाजारों की गिरावट के बावजूद स्थानीय स्तर पर कम्पनियों के मजबूत तिमाही वित्तीय परिणाम से उत्साहित निवेशकों की लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार में तेजी दर्ज की गई। बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 92.72 अंक अर्थात 0.33 फीसदी चढ़कर 27803.24 अंक और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी 31.10 अंक यानी 0.37 फीसदी बढ़कर 8541.20 अंक पर बंद हुआ। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जे.एस.डब्ल्यू. एनर्जी, एच.डी.एफ.सी. बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अशोक लेलैंड, बायोकॉन और आई.टी.सी. ने मुनाफा और राजस्व अर्जन की दृष्टि से मजबूत प्रदर्शन किया। इसकी बदौलत निवेशधारणा मजबूत होने से सैंसेक्स और निफ्टी में तेजी लौटी। इसके अलावा यूरोपीय केंद्रीय बैंक के ब्याज दरों को यथावत रखने से यूरोपीय बाजार की तेजी से भी बाजार को समर्थन मिला। 

 

शुरूआती कारोबार में सैंसेक्स 11.2 अंक बढ़कर 27721.72 अंक पर खुला लेकिन एशियाई बाजार की गिरावट के दबाव में बीच सत्र से पहले ही 27646.21 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। हालांकि इसके बाद हुई लिवाली के बल पर यह अंतिम कारोबारी घंटे में 27832.45 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 27710.52 अंक की तुलना में 92.72 अंक की बढ़त लेकर 27803.24 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 9.55 अंक उठकर 8519.65 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली के दबाव में दोपहर से पहले यह 8489.80 अंक के निचले स्तर पर आ गया। इसके बाद हुई लिवाली के दम पर यह 8548.95 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 

 

अंत में पिछले दिवस के 8510.10 अंक के मुकाबले 31.10 अंक बढ़कर 8541.20 अंक पर बंद हुआ। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.98 अंक की तेजी के साथ 12277.25 अंक और स्मॉलकैप 0.81 फीसदी चढ़कर 12107.31 अंक पर रहा। बी.एस.ई. में आईटी समूह की 0.26 फीसदी गिरावट को छोड़कर शेष 19 समूहों में तेजी दर्ज की गई। पावर समूह ने सर्वाधिक 1.41 फीसदी मुनाफा कमाया। इसके अलावा तेल एवं गैस, ऑटो, रियल्टी, पूंजीगत वस्तुएं, बेसिक मैटिरियल्स, इंडस्ट्रियल्स, धातु और यूटिलिटीज समूह के शेयर भी 1.37 फीसदी मजबूत रहे। बी.एस.ई. में कुल 2870 कम्पनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1487 में लिवाली और 1178 में बिकवाली हुई जबकि 205 के भाव टिके रहे। 

 
Advertising