वैश्विक तेजी से भरी घरेलू बाजार ने उड़ान

Monday, Oct 24, 2016 - 04:37 PM (IST)

मुंबईः वैश्विक तेजी तथा तेल एवं गैस समेत अधिकांश समूहों में हुई लिवाली के दम भर आज घरेलू बाजार ने उड़ान भरी और सैंसेक्स 100 से अधिक मजबूत हो गया। बी.एस.ई. का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 101.90 अंक अर्थात् 0.36 फीसदी चढ़कर 28,179.08 अंक पर पहुंच गया। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी भी 15.90 अंक यानी 0.18 फीसदी तेज होकर 8,708.95 अंक पर रहा। बी.एस.ई. के अधिकांश समूहों में आज तेजी रही। कुल 20 में से 14 समूह बढ़त में रहे। तेल एवं गैस, पीएसयू तथा एनर्जी समूहों में एक प्रतिशत से अधिक की उछाल रही। बाजार की छोटी कंपनियों में आज तेजी रही। 

हालांकि मझौली कंपनियां लाल निशान में रहीं। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप 0.52 फीसदी चढ़ गया। मिडकैप 0.13 प्रतिशत की गिरावट में रहा। वैश्विक बाजार भी आज हरे निशान में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 0.29 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.92 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.73 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.21 प्रतिशत उछल गया। यूरोपीय बाजारों में ब्रिटेन का एफटीएसई भी शुरूआती कारोबार में 0.11 प्रतिशत हरे निशान में रहा। बी.एस.ई. में कुल 3,074 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,685 के शेयर चढ़कर तथा 1,164 के शेयर गिरकर बंद हुए। 225 कंपनियों के शेयरों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। 
 

Advertising