शेयर बाजार 13 माह के उच्चतम स्तर पर

Tuesday, Aug 30, 2016 - 04:25 PM (IST)

मुंबईः इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आई.ओ.सी.एल.) और रियल्टी कंपनी डी.एल.एफ. के मजबूत तिमाही परिणामों से उत्साहित निवेशकों की चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार डेढ़ फीसदी से अधिक की छलांग लगाकर 13 महीने के उच्चतम स्तर पर रहे। 

 

बी.एस.ई. का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 7 सप्ताह की एक दिन की सबसे बड़ी 440.35 अंक अर्थात 1.58 फीसदी की तेजी लेकर 23 जुलाई 2015 के उच्चतम स्तर 28,343.01 अंक और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी 136.90 अंक यानी 1.59 फीसदी उछलकर 08 अगस्त के बाद 8,700 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 8,744.35 अंक पर बंद हुआ। 

 

विदेशी बाजारों की तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक क्षेत्र की देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी आई.ओ.सी.एल. का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 25 फीसदी उछलने और रियलटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डी.एल.एफ. के तिमाही परिणाम भी मजबूत रहने से निवेशधारणा मजबूत रही। इसकी बदौलत सैंसेक्स और निफ्टी दोनों को बल मिला।  

 

बड़ी कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहने से भी बाजार को समर्थन मिला। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.80 फीसदी बढ़कर 13,168.39 अंक और स्मॉलकैप 1.02 फीसदी की तेजी के साथ 12,626.09 अंंक पर रहा। इस दौरान दूरसंचार समूह की 1.20 फीसदी गिरावट को छोड़कर बी.एस.ई. के शेष 19 समूहों में तेजी रही। ऑटो समूह ने सर्वाधिक 1.81 फीसदी मुनाफा कमाया। इसके अलावा धातु, तेल एवं गैस, यूटिलिटीज, हैल्थकेयर, एफएमसीजी, वित्त, बेसिक मैटिरियल्स और सी.डी.जी.एस. समूह के शेयर 1.79 फीसदी तक की मजबूती रही।  बी.एस.ई. में कुल 2927 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,638 के भाव चढ़े जबकि 1,073 में गिरावट रही जबकि 216 में कोई बदलाव नहीं हुआ। 

Advertising