शेयर बाजार में गिरावट का दौर, सैंसेक्स 182 लुढ़का

Thursday, Apr 13, 2017 - 03:47 PM (IST)

नई दिल्लीः घरेलू बाजारों में आज तेज गिरावट के साथ कारोबार देखने को मिला है। सैंसेक्स और निफ्टी में 0.5 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी देखने को मिली है। आई.टी. और मेटल शेयरों में भारी बिकवाली से सैंसेक्स 182.03 अंक यानि 0.61 फीसदी टूटकर 29,461.45 अंक पर और निफ्टी 52.65 अंक यानि 0.57 फीसदी गिरकर 9,150.80 पर बंद हुआ।

स्मॉलकैप शेयरों में मामूली बढ़त
मिडकैप शेयरों में आज सुस्ती का माहौल रहा, लेकिन स्मॉलकैप शेयरों में थोड़ी खरीदारी नजर आई। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 0.25 फीसदी तक बढ़कर बंद हुआ है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स सपाट होकर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.25 फीसदी की गिरावट आई है।

मेटल, आई.टी. में गिरावट
मेटल, आई.टी., ऑटो, एफ.एम.सी.जी. और कैपिटल गुड्स शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना है। निफ्टी के मेटल इंडेक्स में 2.8 फीसदी, आई.टी. इंडेक्स में 2.5 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 0.8 फीसदी और एफ.एम.सी.जी. इंडेक्स में 0.7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बी.एस.ई. का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1 फीसदी लुढ़क गया है। हालांकि फार्मा, रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में खरीदारी नजर आई है। बैंक निफ्टी 0.1 फीसदी की बढ़त के साथ 21,687 के स्तर पर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के पी.एस.यू. बैंक इंडेक्स में 0.4 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई है। निफ्टी के फार्मा इंडेक्स में 0.8 फीसदी की मजबूती आई है। बी.एस.ई. के रियल्टी इंडेक्स में 0.9 फीसदी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।


 

Advertising