बाजार में तेजी लौटी, सैंसेक्स 121 और निफ्टी 33 अंक उछला

Tuesday, Jun 28, 2016 - 04:49 PM (IST)

मुंबईः मॉनसून की प्रगति से उत्साहित निवेशकों की मजबूत लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार में पिछले 2 कारोबारी दिवस की गिरावट के बाद तेजी लौट आई। बी.एस.ई. का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सैंसेक्स 121.59 अंक अर्थात 0.46 फीसदी उछलकर 26524.55 अंक और नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी 33.15 अंक यानी 0.41 फीसदी बढ़कर 8127.85 अंक पर बंद हुआ। इस वर्ष मॉनसून की अवधि लंबी होने के अनुमान से ग्रामीण इलाकों में मांग बढऩे की उम्मीद में हुई लिवाली के दम पर सैंसेक्स और निफ्टी दोनों में बहार लौट आई। 

 

हालांकि बाजार पर अभी भी ब्रिटेन के यूरोपियन संघ का साथ छोडऩे (ब्रेग्जिट) के फैसले का दबाव बना हुआ है। शुरूआती कारोबार में सैंसेक्स 7.7 अंक की मामूली बढ़त के साथ 26410.66 अंक पर खुला और थोड़ी देर बाद ही 26378.46 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। दोपहर बाद अचानक लिवाली बढऩे से यह 26583.33 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 26402.96 अंक के मुकाबले 121.59 अंक चढ़कर 26524.55 अंक पर रहा। निफ्टी 8096.05 अंक पर लगभग सपाट खुला। बिकवाली होने से कुछ देर बाद यह 8086.85 अंक के निचले स्तर पर आ गया। 

 

लिवाली के बल पर बीच सत्र के बाद यह 8146.35 अंक के उच्चतम स्तर को छुआ। अंत में गत दिवस के 8094.70 अंक की तुलना में 33.15 अंक ऊपर 8127.85 अंक पर रहा। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.48 फीसदी की बढ़त लेकर 11459.21 अंक और स्मॉलकैप 0.79 फीसदी मजबूत होकर 11540.15 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, टेक और आई.टी. समूह की 0.89 फीसदी तक की गिरावट को छोड़कर बी.एस.ई. के शेष 17 समूहों में तेजी रही। दूरसंचार समूह ने सर्वाधिक 2.26 फीसदी का मुनाफा कमाया। वहीं, तेल एवं गैस, धातु, ऊर्जा और एफएमसीजी समूह के शेयर भी 1.75 फीसदी तक चढ़े। बी.एस.ई. में कुल 2786 कम्पनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1596 बढ़त और 999 गिरावट पर रहे जबकि 191 में स्थिरता रही। 

Advertising