सेबी छह अप्रैल को रॉयल ट्विंकल, साइट्रस चेक इन्स की संपत्तियों की नीलामी करेगा

Tuesday, Mar 08, 2022 - 05:17 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय प्रतिभूति एवं विनियम बोर्ड (सेबी) छह अप्रैल को रॉयल ट्विंकल स्टार क्लब और साइट्रस चेक इन्स की 46 संपत्तियों की नीलामी करेगा। इनके लिए आरक्षित मूल्य 97 करोड़ रुपए रखा गया है। सेबी ने यह कदम इन कंपनियों द्वारा जुटाए हजारों करोड़ रुपए की वसूली के लिए उठाया गया है। 

सेबी ने मंगलवार को एक नोटिस में कहा कि यह नीलामी छह अप्रैल, 2022 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक चलेगी। नियामक के अनुसार, नीलाम की जाने वाली संपत्तियों में कंपनियों के कार्यालय परिसर, आवासीय फ्लैट, जमीन के टुकड़ों के साथ महाराष्ट्र, गुजरात, दमन और दादरा और नगर हवेली में स्थित दुकानें शामिल हैं।

सेबी ने बताया कि नवंबर, 2019 से नवंबर, 2021 के बीच इन कंपनियों की 220 से अधिक संपत्तियों की 1,200 करोड़ रुपए से अधिक के आरक्षित मूल्य पर नीलामी की गई। सेबी द्वारा यह कदम दिसंबर, 2019 में उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के बाद लिया गया है। न्यायालय ने बिक्री-सह-निगरानी समिति को छह महीने के भीतर कंपनियों की 114 संपत्तियों की बिक्री के लिए आगे बढ़ने का निर्देश दिया था। इससे पहले नियामक ने जनता से धन नहीं जुटाने के उसके आदेश का पालन नहीं करने को लेकर दिसंबर, 2018 में साइट्रस चेक इन्स और उसके निदेशकों पर 50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। 

jyoti choudhary

Advertising