सेबी FPI के लाभकारी स्वामित्व की सीमा 25% करने का ला सकता है प्रस्ताव

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 03:58 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लिए लाभकारी स्वामित्व की पहचान की सीमा मौजूदा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का प्रस्ताव ला सकता है। इसका उद्देश्य अनुपालन संबंधी जरूरतों को आसान बनाना और भारतीय नियामकीय ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि नियामक उन क्षेत्रों की समीक्षा कर रहा है, जहां भारतीय नियम जरूरत से ज्यादा सख्त हैं। इससे अनुपालन की लागत बढ़ती है और देश का पूंजी बाजार निवेशकों के लिए कम आकर्षक बनता है।

उन्होंने कहा, ''नियामक जल्द ही एक और परामर्श पत्र जारी करेगा, जिसमें अनुपालन व्यवस्था को सरल बनाने के लिए पहचाने गए उपायों की जानकारी दी जाएगी।'' अंतरराष्ट्रीय मानकों का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि कई विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं में लाभकारी स्वामित्व की पहचान के लिए 25 प्रतिशत की सीमा लागू है। उन्होंने कहा कि धन शोधन रोधक अधिनियम (पीएमएलए) और इसके नियमों के कुछ प्रावधानों में बदलाव के लिए सरकार के हस्तक्षेप की जरूरत होगी, जबकि अन्य उपायों पर सेबी परामर्श प्रक्रिया के जरिये आगे बढ़ सकता है। 

सेबी ने 2023 में धन शोधन रोधी मानकों से जुड़े दिशानिर्देशों में बदलाव किया था। इसके तहत किसी कंपनी में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले साझेदारों को लाभकारी स्वामी की परिभाषा में शामिल किया गया था। इससे पहले यह सीमा 15 प्रतिशत थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News