महिंद्रा के शेयरों की खरीद-बिक्री मामले में Sebi ने एक व्यक्ति पर लगाया जुर्माना

Friday, Oct 20, 2017 - 02:17 PM (IST)

नई दिल्लीः बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों की खरीद-बिक्री मामले में विजय अनंत धोंगड़े पर एक लाख रुपए का प्रतिबंध लगाया है। धोंगड़े ने रोक की अवधि के दौरान कंपनी के अधिकृत कर्मचारी के तौर पर उसके शेयरों की खरीद-बिक्री की थी। हालांकि सेबी के आदेश में इस बाबत कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है कि क्या धोंगड़े अब भी कंपनी के कर्मचारी हैं।

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सेबी को खुद ही बताया था कि उसके कर्मचारी द्वारा सेबी के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। इसके बाद बाजार नियामक ने संभावित अनियमितता का पता लगाने के लिए नवंबर से 31 दिसंबर 2013 के दौरान हुई कंपनी के शेयरों की खरीद-बिक्री की जांच की। जांच में पाया गया कि 31 दिसंबर 2013 को समाप्त हुई तिमाही के परिणाम की घोषणा के मद्देनजर कंपनी के शेयरों के लेन-देन पर लगी रोक के दौरान धोंगड़े ने शेयरों की खरीद-बिक्री की थी। धोंगड़े ने 2013 में 20 नवंबर, 28 नवंबर, 9 दिसंबर, 20 दिसंबर और 30 दिसंबर को एक-एक हजार शेयर बेचे। इसके बाद उसने 31 दिसंबर को शेयरों की खरीद की। 30 दिसंबर 2013 और 31 दिसंबर 2013 के दिन कंपनी के शेयरों के भाव में अंतर से धोंगड़े को 25 हजार रुपए का लाभ हुआ। इसी के मद्देनजर सेबी ने 18 अक्तूबर 2017 को दिए आदेश में उसके ऊपर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया।     

Advertising