BSE में नए MD-CEO की तलाश शुरू, 19 नवंबर तक मांगे आवेदन, अगले साल रिटायर होंगे मौजूदा चीफ

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 01:13 PM (IST)

मुंबईः एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज बीएसई लिमिटेड (BSE) में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक्सचेंज ने मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। मौजूदा MD-CEO सुंदररामन राममूर्ति अगले साल रिटायर होने वाले हैं। 15 जून 2027 को वह 65 वर्ष के हो जाएंगे, जो इस पद के लिए निर्धारित अधिकतम रिटायरमेंट उम्र है।

20 साल का अनुभव जरूरी

बीएसई के मुताबिक, इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास कम से कम 20 साल का पेशेवर अनुभव होना चाहिए। इसमें कम से कम पांच साल का अनुभव वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिका में होना जरूरी है। इसके अलावा, 1 जुलाई 2027 तक उम्मीदवार की उम्र 62 साल से कम होनी चाहिए।

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएशन या समकक्ष प्रोफेशनल योग्यता होनी चाहिए। बीए, बीकॉम, सीए, एमबीए, एलएलबी और बीटेक जैसी योग्यताओं वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

टेक्नोलॉजी और डिजिटल बदलाव पर फोकस

बीएसई को ऐसे नेतृत्वकर्ता की तलाश है, जिसे कैपिटल मार्केट की गहरी समझ हो और जो टेक्नोलॉजी व डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ा सके। नए MD-CEO से एक्सचेंज के कामकाज में सुधार और कारोबार की वृद्धि को गति देने की अपेक्षा होगी।

चयनित उम्मीदवार को कंपनी अधिनियम और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के लागू नियमों का पालन करना होगा। आवश्यक नियामकीय मंजूरियां भी लेनी होंगी।

19 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इस पद के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 है। सुंदररामन राममूर्ति ने 4 जनवरी 2023 को बीएसई के MD-CEO का कार्यभार संभाला था। उन्होंने आशीषकुमार चौहान की जगह ली थी, जो वर्तमान में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के MD-CEO हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News