UPI Service: SBI की UPI सर्विस आज रहेगी बंद, बैंक ने बताई वजह, जानें कब से कब तक नहीं होगा भुगतान
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 11:30 AM (IST)
नई दिल्लीः देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों को लिए जरूरी खबर है। बैंक की UPI सेवाएं आज कुछ समय के लिए बाधित रहने वाली हैं। इसकी जानकारी बैंक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी है। निर्धारित मेंटेनेंस के चलते ग्राहक करीब 45 मिनट तक सामान्य UPI पेमेंट नहीं कर पाएंगे। ऐसे में अगर आप SBI खाते से Google Pay, PhonePe या दूसरे UPI ऐप के जरिए भुगतान करते हैं, तो इस समय का ध्यान रखना जरूरी है।
इस समय बंद रहेंगी SBI की UPI सेवाएं
SBI की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को दोपहर 1:15 बजे से 2:00 बजे तक बैंक की UPI सर्विसेज ठप्प रहने वाली हैं। बैंक ने बताया है कि इस दौरान निर्धारित मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। हालांकि, बैंक ने यह भी कहा है कि मेंटेनेंस का काम तय समय से पहले पूरा हो सकता है।
बैंक ने ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है और पहले से जरूरी भुगतान निपटाने की सलाह दी है।
सोशल मीडिया पर बैंक ने दी जानकारी
SBI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट जारी कर ग्राहकों को इस अस्थायी सेवा बाधा के बारे में बताया। बैंक के अनुसार, निर्धारित मेंटेनेंस के कारण तय समय के दौरान SBI की UPI सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि, ग्राहकों के पास भुगतान करने का एक वैकल्पिक विकल्प भी मौजूद रहेगा।
UPI Lite से कर सकेंगे पेमेंट
बैंक ने स्पष्ट किया है कि सामान्य UPI सेवाएं बंद रहने के दौरान ग्राहक UPI Lite का इस्तेमाल जारी रख सकते हैं। UPI Lite छोटे डिजिटल भुगतान के लिए बनाई गई सुविधा है। इसमें यूजर अपने बैंक खाते से पैसे UPI Lite वॉलेट में जोड़ सकते हैं और इसके बाद हर छोटे भुगतान के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती।
RBI के मौजूदा नियमों के अनुसार, UPI Lite में एक ट्रांजैक्शन की अधिकतम सीमा 1,000 रुपए है, जबकि वॉलेट में अधिकतम 5,000 रुपए रखे जा सकते हैं।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
SBI ग्राहकों को सलाह है कि 19 नवंबर को दोपहर 1:15 से 2 बजे के बीच जरूरी UPI भुगतान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखें। छोटे भुगतान के लिए UPI Lite का इस्तेमाल किया जा सकता है। मेंटेनेंस पूरा होने के बाद सामान्य UPI सेवाएं फिर से उपलब्ध हो जाएंगी। यह अस्थायी परेशानी केवल 45 मिनट के लिए निर्धारित है।

