SBI के डेटा में बड़ी सेंध, हैकर्स ने चुराए 3.75 लाख रिकॉर्ड; एक महीने बाद दर्ज हुई FIR

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 11:06 PM (IST)

नवी मुंबई/सीबीडी बेलापुर: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्लोबल आईटी सेंटर के सर्वर में हैकर्स द्वारा सेंधमारी का बड़ा मामला सामने आया है। हैकर्स ने बैंक के सर्वर से 3.75 लाख से अधिक संवेदनशील बैंक रिकॉर्ड और 4,280 ग्राहक रिकॉर्ड चुरा लिए। वहीं घटना के लगभग एक महीने बाद नवी मुंबई के सीबीडी-बेलापुर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

10 से 15 अक्टूबर के बीच हुई सेंधमारी, 12 नवंबर को दर्ज हुई शिकायत 
मामले के अनुसार, यह सेंधमारी 10 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच हुई थी। बैंक अधिकारियों को इस हैकिंग का पता तब चला जब उन्हें जानकारी मिली कि चोरी हुआ डेटा डार्क वेब पर अपलोड कर दिया गया है। इसके बाद बैंक की आंतरिक टीम ने मामले की जांच शुरू की। बैंक ने 12 नवंबर को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। एसबीआई ने पुलिस को सूचित किया है कि उसने डार्क वेब से डेटा हटवा दिया है और यह सुनिश्चित किया है कि जानकारी का दुरुपयोग न हो।

'Siriusim' हैकर ग्रुप का हाथ, पर्सनल डेटा और लोन रिकॉर्ड्स लीक 
पुलिस शिकायत के मुताबिक, 'Siriusim' नामक अज्ञात हैकर ग्रुप से जुड़े लोगों ने एसबीआई के ग्लोबल आईटी सेंटर के सर्वर में अनधिकृत प्रवेश हासिल किया। हैकर्स ने 3.75 लाख रिकॉर्ड वाली लगभग 32 सीएसवी (CSV) फाइलें, जेसन (JSON) फाइलें और 2,721 पीडीएफ फाइलें चोरी कीं, जिनमें व्यक्तिगत रूप से पहचान योग्य जानकारी (PII) मौजूद थी।चोरी हुई फाइलों में ग्राहकों के व्यक्तिगत विवरण, लोन आवेदन रिकॉर्ड, खाता खोलने के फॉर्म, संपर्क नंबर और आवासीय पते शामिल थे।

साइबर एक्सपर्ट की चेतावनी: फ़िशिंग हमलों से सावधान रहें ग्राहक 
साइबर सुरक्षा और गोपनीयता विशेषज्ञ वकील प्रशांत माली ने आगाह किया है कि डार्क वेब से डेटा हटाने का मतलब यह नहीं है कि इसे पहले से साझा या बेचा नहीं गया है। उन्होंने कहा कि भले ही बैंक यह दावा करे कि चोरी हुआ डेटा डार्क वेब से हटा दिया गया है, लेकिन इस बात की पूरी संभावना है कि हैकर्स ने इसे किसी को बेच दिया हो। उन्होंने एसबीआई के ग्राहकों को फ़िशिंग प्रयासों और अन्य साइबर हमलों से लगातार सतर्क रहने की सलाह दी है।

पुलिस ने दर्ज की बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर 
सीबीडी-बेलापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस निरीक्षक (SPI) अरुण पवार के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चोरी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में अज्ञात व्यक्तियों, 'Siriusim' हैकर ग्रुप और एक आईपी एड्रेस को नामजद किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News