Sahara को खरीदार की तलाश, बेचेंगे अमरीका स्थित प्लाजा होटल

Wednesday, Aug 23, 2017 - 11:33 AM (IST)

न्यूयार्क: संकट में फंसे सहारा समूह ने अमरीका में अपने प्लाजा होटल की बिक्री के लिए खरीदार तलाशने को लेकर जमीन-जायदाद के बारे में परामर्श देने वाली कंपनी जे.एल.एल. की सेवा ली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस संपत्ति की बिक्री से कंपनी को 50 करोड़ डॉलर मिल सकते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि सहारा ने प्लाजा होटल के खरीदार तलाशने के लिए जे.एल.एल. की इकाई जे.एल.एल. होटल्स एंड होस्पिटैलिटी ग्रुप की सेवा ली है। यह होटल एक समय डोनाल्ड ट्रंप का था। उस समय वह अमरीका के राष्ट्रपति नहीं थे। समूह का न्यूयार्क में एक और होटल ड्रीम डाउनटाउन है। इससे पहले भी इन होटलों की बिक्री के लिए प्रयास किए गए थे। फिलहाल इस बारे में जे.एल.एल. और सहारा समूह से कोई टिप्पणी नहीं मिल पाई है। उल्लेखनीय है कि सहारा समूह उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार बाजार नियामक सेबी द्वारा प्रबंधित निवेशक धन वापसी खाता में धन जमा करने के लिए कोष जुटाने को लेकर भारत और विदेशों में अपनी विभिन्न संपत्ति बेच रहा है।

Advertising