Rupee Strong: रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरा रुपया, डॉलर के मुकाबले 151 पैसे मजबूत
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 10:35 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः Rupee strong रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरते हुए 151 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.19 पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डॉलर के मुकाबले रुपए में तेज गिरावट के बीच बुधवार को अधिकृत डीलरों के लिए कई नए कदमों की घोषणा की जिसके बाद घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है। केंद्रीय बैंक ने निर्देश दिया है कि अधिकृत डीलर यानी विदेशी मुद्रा लेनदेन की अनुमति वाले बैंक अब रुपये से जुड़े 'नॉन-डिलीवेरेबल डेरिवेटिव' (एनडीडी) अनुबंधों की पेशकश निवासी एवं अनिवासी ग्राहकों के लिए नहीं कर सकेंगे।
हालांकि, अधिकृत डीलर बैंकों को डिलीवेरेबल विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव अनुबंध पेश करने की अनुमति जारी रहेगी, ताकि ग्राहक जोखिम से बचाव की अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें। इसके साथ शर्त यह है कि ग्राहक इसके समानांतर 'नॉन-डिलीवेरेबल' सौदे नहीं कर सकेंगे। इससे पहले, आरबीआई ने अधिकृत डीलर बैंकों के लिए विदेशी मुद्रा बाजार में रुपए की 'नेट ओपन पोजीशन' (विदेशी मुद्रा में कुल खरीद एवं बिक्री के बीच का अंतर) पर 10 करोड़ डॉलर की सीमा भी तय की थी।
रुपया सोमवार को पहली बार 95 के पार
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी, मजबूत होते डॉलर और अस्थिर भू-राजनीतिक हालात के बीच बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव अब भी कायम है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.62 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती सौदों में तेजी से बढ़कर 93.19 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 151 पैसे या 1.6 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को कारोबार के दौरान पहली बार 95 के स्तर के पार चला गया था। हालांकि अंत में थोड़ा संभलता हुआ 94.85 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।
महावीर जयंती के अवकाश के उपलक्ष्य में मंगलवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद थे। इसके बाद बुधवार को भी मुद्रा बाजार बंद था। घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट रही। सेंसेक्स 1,312.91 अंक या 1.80 प्रतिशत टूटकर 71,821.41 अंक पर जबकि निफ्टी 410.45 अंक या 1.81 प्रतिशत फिसलकर 22,383.40 अंक पर आ गया। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.77 पर रहा।
FII की बुधवार को बिवकाल
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.06 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 8,331.15 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
