Historical fall in Rupee: इतिहास में पहली बार इतना गिरा रुपया, डॉलर के मुकाबले अब तक का सबसे निचला स्तर
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 01:11 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच भारतीय रुपया शुक्रवार को ऐतिहासिक कमजोरी पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर फिसल गया, जिससे मुद्रा बाजार में चिंता का माहौल बन गया। कमजोर घरेलू शेयर बाजार और मजबूत डॉलर के कारण रुपए पर लगातार दबाव बना हुआ है। कारोबार के दौरान रुपया 19 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.44 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.33 प्रति डॉलर पर खुला। फिर कारोबार के दौरान 92.44 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 19 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को 24 पैसे टूटकर अपने सबसे निचले स्तर 92.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.77 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 917.69 अंक या 1.21 प्रतिशत टूटकर 75,116.73 अंक पर जबकि निफ्टी 308.40 अंक या 1.30 प्रतिशत फिसलकर 23,330.75 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.99 प्रतिशत चढ़कर 96.57 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 7,049.87 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
