Why Rupee Falling: ऑल-टाइम लो पर पहुंचा रुपया, डॉलर के मुकाबले बड़ी गिरावट
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 04:03 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारतीय मुद्रा पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86 पैसे टूटकर 94.82 के नए ऑल-टाइम लो पर पहुंच गया। वेस्ट एशिया में जारी तनाव, महंगे कच्चे तेल और मजबूत डॉलर के चलते रुपया दबाव में बना हुआ है।
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज में रुपया 94.18 पर खुला और दिन के दौरान लगातार फिसलता हुआ 94.70 तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को यह 93.96 के स्तर पर बंद हुआ था। गुरुवार को राम नवमी के कारण बाजार बंद रहे।
क्यों टूट रहा है रुपया?
फॉरेक्स बाजार के जानकारों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली से रुपए पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा इंपोर्टर्स और तेल कंपनियों की तरफ से डॉलर की मजबूत मांग देखी जा रही है, जबकि एक्सपोर्टर्स फिलहाल डॉलर की बिक्री से बच रहे हैं।
डॉलर इंडेक्स भी मजबूत बना हुआ है, जबकि ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है। ईरान-इजरायल तनाव और होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर अनिश्चितता ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है।
RBI कर रहा हस्तक्षेप
रुपए की गिरावट को रोकने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) स्पॉट, फॉरवर्ड और ऑफशोर मार्केट में डॉलर बेचकर हस्तक्षेप कर रहा है। मार्च में केंद्रीय बैंक ने करीब 15 अरब डॉलर की बिक्री की है, ताकि रुपए को सहारा मिल सके।
ग्रोथ और महंगाई पर असर
इस बीच Goldman Sachs ने भी भारत के लिए महंगाई अनुमान बढ़ाया है और जीडीपी ग्रोथ में कटौती की है। साथ ही 2026 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
बॉन्ड बाजार पर भी असर
रुपए की कमजोरी का असर बॉन्ड मार्केट पर भी दिखा है। 10 साल की सरकारी बॉन्ड यील्ड बढ़कर 7% के करीब पहुंच गई है, जो निवेशकों की चिंता को दर्शाता है।
