All time low rupee: रुपए में बड़ी गिरावट, डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 12:48 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारतीय करेंसी में गिरावट का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कारोबार के दौरान रुपया 35 पैसे कमजोर होकर डॉलर के मुकाबले 92.36 के स्तर तक पहुंच गया, जो अब तक का सर्वकालिक निचला स्तर है। पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के थमने के कोई संकेत न दिखने के मद्देजनर विदेशी पूंजी की निकासी, वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मजबूत रुख से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में सत्र की कमजोर शुरुआत ने स्थानीय मुद्रा पर और दबाव डाला।रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.01 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.47 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 992.53 अंक फिसलकर 75,871.18 अंक पर जबकि निफ्टी 310.55 अंक टूटकर 23,556.30 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 9.94 प्रतिशत चढ़कर 101.12 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 6,267.31 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
