Rupee falls: 32 पैसे टूटा रुपया, डॉलर के मुकाबले 95.57 पर पहुंचा

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 10:40 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.57 पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा की निरंतर निकासी, घरेलू शेयर बाजारों के कमजोर रुख और डॉलर में मामूली मजबूती ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला। 

यह भी पढ़ें: 30 जून से कागज के नोट बंद होने की खबर को लेकर PIB ने बताया सच

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.55 प्रति डॉलर पर खुला और फिर टूटकर 95.57 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। रुपया बुधवार को 16 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.25 पर बंद हुआ था। अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने तथा घरेलू मुद्रा में और गिरावट को थामने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपए को समर्थन मिला था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.95 पर रहा। 

यह भी पढ़ें: सोने से दूरी बना रहे निवेशक, एक साल में पहली बार ETF से निकला पैसा 

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 358.54 अंक टूटकर 73,624.64 अंक पर जबकि निफ्टी 117 अंक फिसलकर 23,098.30 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.64 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,124.98 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News