कोरोना से जंग के लिए RIL के बड़े ऐलान, इमरजेंसी सेवाओं में लगे वाहनों को मुफ्त में ईंधन

Monday, Mar 23, 2020 - 06:02 PM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना से जंग लड़ रही इमरजेंसी सेवाओं की मदद के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज आगे आई है। आज कंपनी ने एक के बाद एक कई कदमों का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक वो मरीजों को लाने ले जाने वाली इमरजेंसी सेवाओं की गाडियों को मुफ्त में ईंधन देगी। इससे मरीजों को लाने ले जाने में काफी मदद मिलेगी।

इसके साथ ही महामारी का स्तर देखते हुए कंपनी मास्क बनाने की क्षमता बढ़ा कर एक लाख मास्क प्रतिदिन करने जा रही है। वहीं कंपनी देश के कई शहरों में मुफ्त खाने का भी प्रबंध करेगी, जिससे बंदी के बीच गरीबों को खाना मिल सके।

कंपनी ने साफ किया है कि अगर वायरस की वजह से काम को बंद करना पड़ता है तो वो इस दौरान अस्थाई और कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों का भुगतान करती रहेगी। वहीं कंपनी के मुताबिक सिर्फ 2 हफ्ते में 100 बिस्तरों का एक खास सेंटर भी तैयार किया जा चुका है। जहां कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज किया जाएगा।

वहीं कंपनी ने महाराष्ट्र मुख्यमत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये भी दिए हैं। इसके साथ ही रिलायंस ने अपने ग्रॉसरी स्टोर को सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक खोलने का फैसला किया है। कंपनी के मुताबिक स्टोर खोलने का फैसला सरकार के दिशा निर्देशों के मुताबिक होगा। जब तक कोई सीमा तय नहीं है स्टोर लंबी अवधि तक खोले जाएंगे।    

jyoti choudhary

Advertising