RIL ने TCS को छोड़ा पीछे, 4 साल बाद फिर बनी सबसे वैल्यूएबल कंपनी

Tuesday, Apr 25, 2017 - 10:26 AM (IST)

नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आर.आई.एल.) ने बाजार पूंजीकरण (मार्कीट कैप) के लिहाज से सबसे मूल्यवान कंपनी का दर्जा फिर हासिल कर लिया है। करीब 4 वर्ष बाद वह फिर से शीर्ष पर पहुंची है। आई.टी. क्षेत्र की कंपनी टी.सी.एस. को पछाड़कर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने यह दर्जा हासिल किया है। सोमवार कारोबार बंद होने के समय रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 4,60,518.80 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। यह टी.सी.एस. के 4,58,932.37 करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण से 1,586.43 करोड़ रुपए अधिक है। बम्बई शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.19 प्रतिशत की बढ़त से 1,416.40 रुपए पर बंद हुआ। वहीं टी.सी.एस. का 0.77 प्रतिशत के लाभ से 2,329.10 रुपए पर बंद हुआ।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का लाभ 12.3 प्रतिशत बढ़ा
आर.आई.एल. ने कहा कि उच्च रिफानिंग व पैट्रोकैमिकल मार्जिन के चलते मार्च तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 12.3 प्रतिशत बढ़ा। जनवरी-मार्च 2017 की तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 12.3 प्रतिशत बढ़कर 8,046 करोड़ रुपए हो गया जो कि गत वर्ष समान तिमाही में 7,167 करोड़ रहा था। वहीं 2016-17 पूर्ण वित्त वर्ष में कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक सालाना लाभ 29,901 करोड़ रुपए कमाया। यह सालाना लाभ बीते वित्त वर्ष की तुलना में 18.8 प्रतिशत अधिक है।

रिलायंस रिटेल का कर पूर्व लाभ 65.6 प्रतिशत बढ़ा
रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल इकाई रिलायंस रिटेल का कर पूर्व लाभ 31 मार्च, 2017 को समाप्त तिमाही में 65.6 प्रतिशत बढ़कर 366 करोड़ रुपए रहा। इससे पूर्व वित्त वर्ष 2015-16 की इसी तिमाही में कंपनी का मूल्य ह्रास और कर पूर्व लाभ 221 करोड़ रुपए रहा था। आलोच्य तिमाही में कंपनी का कारोबार 83 प्रतिशत बढ़कर 10,332 करोड़ रुपए रहा, वहीं आय 60.2 प्रतिशत बढ़कर 33,765 करोड़ रुपए रही। वहीं ब्याज एवं कर भुगतान से पहले लाभ आलोच्य वित्त वर्ष में 40.4 प्रतिशत बढ़कर 1,203 करोड़ रुपए रहा।
 

Advertising