दुनिया के सबसे अमीर शख्स को रातों-रात लगा 9 अरब डॉलर का झटका

Friday, Oct 12, 2018 - 03:26 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः  अमेर‍िकी बाजार में भारी गिरावट के बाद दुन‍िया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस को बड़ा झटका लगा है। रातों-रात ही बेजोस की संपत्ति में करीब 9 अरब डॉलर की कमी आ गई। अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट के चलते जेफ बेजोस की कंपनी का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा टूट गया। ऐसा नहीं है कि यह झटका केवल जेफ बेजोस को लगा है। इस झटके से दुनिया के कई प्रमुख अरबपतियों को नुकसान उठाना पड़ा है।

इन अरबपतियों को भी हुआ नुकसान
बुधवार से अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट का दौर बना हुआ है। अमेरिकी बाजार में टेक शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। शेयरों में गिरावट के चलते डाओ जोंस 800 से अधिक अंक तक टूट गया। सबसे ज्यादा नुकसान बर्कशायर हैथवे इंक के वॉरेन बफे को हुआ है। इसके अलावा, बिल गेट्स और फेसबुक के मालिक मार्क जुकरबर्ग समेत 67 सबसे अमीर व्यक्तियों को 32 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है।

145 डॉलर गिर गया नेटवर्थ
बाजार में आई गिरावट से बेजोस का नेटवर्थ 145 अरब डॉलर तक घट गया जो जुलाई के बाद सबसे कम है। इससे पहले जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 154 बिलियन डॉलर के पार हो गई थी। जेफ बेजोस अमेजन ग्रुप की 15 से अधिक कंपनियों के मालिक हैं। जेफ की अमेजन में कुल हिस्सेदारी 16 फीसदी है। इसके अलावा उनके पास एक अखबार, रॉकेट कंपनी, कूपन  और ग्रॉसरी की वेबसाइट भी है। 

रोजाना की कमाई 430 करोड़ के पार
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस ने अपने करियर की शुरुआत किताब बेचने से की थी। फिलहाल, वो पिछले एक साल से रोजाना 430 करोड़ रुपए कमा रहे हैं। जेफ ने अपना करियर ऑनलाइन किताबें बेचने से शुरू किया था। सबसे पहले उन्होंने इसके लिए जहां पर ऑफिस बनाया, वह एक कार गैराज था। यहीं से उनका बिजनेस आगे बढ़ा।  

jyoti choudhary

Advertising