नीता अंबानी का ऐलान- कर्मचारियों के वैक्सीनेशन का खर्च उठाएगी रिलायंस

Friday, Mar 05, 2021 - 10:40 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः इन्फोसिस, एक्सेंचर, NTPC के बाद अब रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी ऐलान कर दिया है कि वह अपने कर्मचारियों के कोविड टीकाकरण का पूरा खर्च उठाएगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक नीता अंबानी ने कंपनी के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कहा है कि सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों के टीकाकरण का पूरा खर्च रिलायंस वहन करेगी। एक अनुमान के अनुसार कर्माचारियों और उनके परिवार को मिलाकर करीब 10 लाख लोगों के वैक्सीनेशन का खर्च कंपनी वहन करने वाली है।

नीता अंबानी ने लिखी चिट्ठी 
नीता अंबानी ने पत्र में आग्रह किया है कि योग्य कर्मचारी, सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण प्रोग्राम में जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाएं। अपने वादे को दोहराते हुए नीता अंबानी ने कहा कि वे कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में देश के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़े हैं। इससे पहले दिसंबर 2020 के अंत में ‘रिलायंस फैमिली डे’ के मौके पर नीता अंबानी और रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी ने कहा था कि जैसे ही जरूरी परमिशन मिलेंगी वे रिलायंस के कर्मचारियों और उनके परिवार वालों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू करेंगे। पत्र में नीता अंबानी ने आगे कहा कि मुकेश और मेरा मानना है कि अपनों की खुशियों और सेहत का ख्याल रखने से ही परिवार बनता है और इसी बड़े परिवार का नाम है, रिलायंस-फैमिली।

नए दौर की ओर कदम रखेगा भारत
भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े कोरोना वैक्सीनेशन अभियान का जिक्र करते हुए नीता अंबानी ने कहा, "अब यह कुछ ही समय की बात है, देश कोरोना से जंग जीत जाएगा। आशा, विश्वास और आंनद के साथ देश एक नए दौर में कदम रखेगा।" 

सावधानी और सतर्कत बरतने की जरूरत
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि आप सभी के सहयोग से हम जल्द ही इस महामारी से निजात पा लेंगे। साथ ही उन्होंने आगाह भी किया कि कोरोना अभी गया नही है हमें कोरोना के विरूद्ध पूरी सावधानी और सतर्कता बरतनी है। हम कोरोना से लड़ाई के आखिरी चरण में हैं और जल्द ही इस पर काबू पा लेंगे। पत्र का अंत करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि मुझे भरोसा है “कोरोना हारेगा, इंडिया जीतेगा!”

jyoti choudhary

Advertising